भगवान श्रीपरशुराम का किया जाएगा अभिषेक, 12 मई को निकाला जाएगा भव्य चल समारोह

- सीहोर नगर सहित जिलेभर में धूमधाम से मनाई जाएगी परशुराम जयंती

सीहोर। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वाधान में विप्रजनों के आराध्य भगवान श्री परशुराम की जयंती आस्था और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। शुक्रवार को दो दिवसीय महोत्सव की शुरूआत सुबह आठ बजे भगवान का अभिषेक के साथ की जाएगी। इस मौके पर शहर के खजांची लाइन स्थित धर्मशाला में 8 बजे भगवान का विशेष अभिषेक किया जाएगा और उसके पश्चात सुबह 10 बजे पूजन और आरती की जाएगी। इस मौके पर समाज के अध्यक्ष दीपक शर्मा, चल समारोह अध्यक्ष आशुतोष शर्मा और महिला मंडल की अध्यक्ष नीलम शर्मा सहित अन्य विप्रजन मौजूद रहेंगे।
सर्व ब्राह्मण समाज के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि शुक्रवार सुबह से भगवान परशुराम जन्मोत्सव महोत्सव की शुरूआत हो जाएगी। इसके पहले दिन अभिषेक-पूजन और पूजन आरती का आयोजन किया जाएगा, वहीं शाम को महिला मंडल के द्वारा कलश एवं पूजन थाली सजावट प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया जाएगा। रविवार को भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इसकी शुरूआत शहर के खजांची लाइन स्थित सर्व ब्राह्म्ण धर्मशाला से शाम पांच बजे होगी, वहीं रात्रि आठ बजे से शहर के बाल विहार में करीब पांच हजार से अधिक समाजजनों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है।
घर-घर दिए गए निमंत्रण –
सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वाधान में समाज के आराध्य भगवान श्री परशुराम के जन्मोत्सव को आस्था और उत्साह के साथ मनाए जाने के लिए ब्राह्मण समाज के द्वारा घर-घर जाकर ब्राह्मण परिवारों को आमंत्रण पत्र का वितरण किया गया है। भीषण गर्मी के बावजूद भी ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी और विप्रजन पूरे उत्साह के साथ शहर सहित आसपास के स्थानों पर पहुंचकर भव्य चल समारोह का प्रचार-प्रसार करते रहे। गत दिनों भी युवाओं, महिलाओं सहित अन्य समाजजनों की बैठक का आयोजन किया जा चुका है। ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष दीपक शर्मा, चल समारोह के अध्यक्ष आशुतोष शर्मा मौनी सहित बड़ी संख्या में विप्रजनों ने शहर के चाणक्यपुरी, शेरपुर के पास कालोनी, अवधपुरी, विश्वनाथपुरी सहित शहर के अन्य स्थानों पर घर-घर पहुंचकर ब्राह्मणजनों को आगामी 10 मई से होने वाले दो दिवसीय महोत्सव को लेकर निमंत्रण दिया। इस मौके पर विप्रजनों ने भगवान परशुराम के नारे भी लगाए। चल समारोह के अध्यक्ष श्री शर्मा सहित बड़ी संख्या में विप्रजनों ने 2500 से अधिक निमंत्रण का वितरण समाजजनों को किया है।
कार्यकारिणी की घोषणा हुई –
सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने गत दिनों कार्यकारिणी की घोषण की थी। इसमें धर्मशाला ट्रस्ट अध्यक्ष मनोहर शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष सुदीप व्यास, महिला मंडल अध्यक्ष नीलम शर्मा, चल समारोह अध्यक्ष आशुतोष शर्मा मौनी, महिल अध्यक्ष चल समारोह शोभा शर्मा, महामंत्री रमाकांत समाधिया, चल समारोह संयोजक राजेन्द्र शर्मा कल्लू, प्रभारी प्रवीण तिवारी, समाज के सचिव जितेन्द्र तिवारी, युवा संगठन अध्यक्ष नयन जोशी, कोषाध्यक्ष रूपेश तिवारी, राकेश शर्मा, सह संयोजक राजेश मोहन शर्मा, नवीन मिश्रा, भोजन व्यवस्था प्रभारी चंद्रमोहन शर्मा, मुरली शर्मा, चल समारोह सह प्रभारी योगेश श्रोत्रिय, नवनीत उपाध्याय, खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रभारी महेन्द्र शर्मा, राकेश शर्मा, प्रचार-प्रसार दीपक पुरोहित, सुनील शर्मा, सतीश भार्गव, नितिन उपाध्याय, महामंत्री युवा संगठन ऋषि पाराशर, पूजन व्यवस्था प्रभारी अशेक पाराशर आदि को नियुक्त किया गया है।

रेहटी-भैरूंदा में मनाई जाएगी भगवान श्री परशुराम जयंती –

सर्व ब्राह्म्ण समाज रेहटी एवं भैरूंदा द्वारा भी 10 मई को भगवान परशुराम जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर रेहटी में सुबह के समय नगर की ब्राह्म्ण समाज धर्मशाला गांधी चौक पर भगवान परशुराम की पूजा, अर्चना होगी तो वहीं शाम 4 बजे से नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। सर्व ब्राह्म्ण समाज रेहटी के मीडिया प्रभारी कमलेश्वरदास वैष्णव ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान सर्व ब्राह्म्ण समाज रेहटी के अध्यक्ष विनय पालीवाल सहित सभी पदाधिकारियों एवं विप्रजनों की उपस्थिति में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए नगर सहित तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में भी विप्र बंधुओं को आमंत्रण दिया गया है एवं सभी से विनम्र अपील की गई है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में पधारे।

आज किया जाएगा महा प्रसादी का वितरण
लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केन्द्र श्री-श्री 1008 ब्रह्मलीन त्यागी महाराज के 131वें जन्मोत्सव के पावन अवसर पर हर साल की तरह इस साल भी अक्षय तृतीया पर शहर के शुगर फैक्ट्री स्थित राम कुटी पर दोपहर बारह बजे से भव्य महा प्रसादी का वितरण किया जाएगा। इस संबंध में उनके शिष्य महंत उद्वावदास महाराज ने बताया कि शुक्रवार की सुबह साढ़े छह बजे से मानस पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात सुबह दस बजे से साढ़े ग्यारह बजे तक सत्संग और प्रवचन के पश्चात साढ़े ग्यारह बजे महारती की जाएगी और दोपहर बारह बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। महा प्रसादी का वितरण दोपहर बारह बजे से दोपहर दो बजे तक किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर आने की अपील की है।