
सीहोर। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे विशेष एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत श्यामपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खेत पर अवैध रूप से गांजे का पौधा उगाने वाले एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे एवं अनुविभागीय अधिकारी पीएन गोयल के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार श्यामपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम घाटपलासी में एक व्यक्ति अपने खेत पर अवैध रूप से गांजे की खेतीध्पौधा उगाने में लगा हुआ है। सूचना की तस्दीक करते ही पुलिस टीम ने तुरंत ग्राम घाटपलासी में मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान खेत पर उगाया गया हरा गांजे का पौधा बरामद हुआ, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 13 हजार 500 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके से ही गांजे का पौधा जब्त कर आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पकड़े गए आरोपी की पहचान मानसिंह मीणा पिता नवल सिंह मीणा निवासी ग्राम घाटपलासी थाना श्यामपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना श्यामपुर में अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।