महाकाल का आशीर्वाद लेने बहन—बेटे के साथ आए अक्षय कुमार, शिखर धवन भी पहुंचे

वर्ल्डकप में भारतीय टीम की जीत की कामना की

उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल की भस्म आरती में शनिवार को बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार पहुंचे। उनके साथ बहन अलका हीरानंदानी और भांजी सिमर और बेटा आरव भी थे। अक्षय के साथ ही भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन भी भस्म आरती में शामिल रहे।

टीम की जीत की कामना की
आईसीसी क्रिकेट वर्ल्‍ड कप 2023 के लिए हाल ही में टीम इंडिया का ऐलान किया है। इसमें टीम इंडिया के स्‍टार ओपनर शिखर धवन को जगह नहीं दी गई है। धवन लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं, लेकिन उन्‍हें अपने देश से कितना प्‍यार है, ये उन्‍होंने जरूर दिखाया है। धवन ने भारत के वर्ल्‍ड कप जीतने की मन्‍नत मांगी है।

शिव भक्ति में डूबे धवन और अक्षय
भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने उज्‍जैन के महाकाल मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि धवन और अक्षय दोनों आरती के दौरान तालियां बजाकर महाकाल से प्रार्थना कर रहे हैं। धवन से पहले कई क्रिकेटर महाकाल के दर्शन को पहुंच चुके हैं, जिनमें विराट कोहली, कुलदीप यादव और सूर्यकुमार यादव भी शामिल हैं।