भैरूंदा मर्डर केस के सभी 6 आरोपी 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार, भेजा जेल
चोरी गई मोटरसाइकल को आरोपी के कब्जे से किया जप्त -

सीहोर। सीहोर। जिले की भैरूंदा थाना पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपियों को 48 घंटे में गिरफ्तार करके जेल की सलाखों के पीछे भिजवा दिया। मामला तहसील के गांव लाचौर का है। गांव के ही मामूली विवाद में आरोपियों ने घर में घुसकर रामद्वार गाथले के साथ मारपीट की थी। ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर भैरूंदा पुलिस ने चोरी के एक अन्य मामले में भी कार्रवाई करते हुए चोरी गई मोटरसइकिल आरोपी के कब्जे से जप्त की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादिया कंचन गाथले ने भैरुंदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 अक्टूबर की शाम करीब 6.50 बजे वह उसके पिता रामद्वार गाथले, माता सीता बाई और भाई अरुण गाथले घर पर मौजूद थे। उसके पिता रामद्वार खाना खा रहे थे और बाकी लोग आपस में बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान गांव के ही संतू गाथले, बलराम, सिंदेश, दुर्गेश, चीन्टू बेलदार और राहुल सिवरा एक राय होकर हाथ में लाठी-डंडे लेकर जबरन घर के अंदर घुस आए। घर में आते ही आरोपियों ने गालियां देना शुरू कर दिया। जब फरियादिया के पिता रामद्वार गाथले ने उन्हें गाली देने से मना किया तो सभी आरोपियों ने मिलकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए सीता बाई, अरुण और कंचन को भी आरोपियों ने चोटें पहुंचाईं।
इलाज के दौरान हुई पिता की मौत –
मारपीट में रामद्वार गाथले को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत भोपाल रेफर किया गया था। इलाज के दौरान गंभीर चोटों के चलते रामद्वार गाथले की मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए भैरुंदा थाने में पहले विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था, लेकिन मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धारा का इजाफा कर दिया गया।
48 घंटे में सभी 6 आरोपी गिरफ्तार –
हत्या की इस वारदात के बाद पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीओपी रौशन जैन के मार्गदर्शन में भैरुंदा पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दुर्गेश उर्फ बुलका, राहुल सिवरा, संतू उर्फ संतोष गाथले, चिंटू बेलदार, बलराम गाथले, सिंदेश उर्फ रितेश सभी निवासी लाचौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय के निर्देश पर उन्हें उपजेल भैरुंदा दाखिल कर दिया गया है।
चोरी गई मोटरसाइकल को आरोपी के कब्जे से किया जप्त –
भैरूंदा पुलिस ने एक अन्य चोरी के मामले में भी आरोपी के कब्जे से मोटरसाइकिल को जप्त किया है। इस संबंध में फरियादी राकेश कहार पिता रामअवतार कहार उम्र 38 साल निवासी ग्राम गिल्लौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने 22 अक्टूबर 2026 को मोटरसाइकल क्रमांक MP37ZD0442 को रात्रि करीब 11.30 बजे घर के बाहर खड़ी की थी। इसके बाद जब अगले दिन सुबह करीब 5 बजे उठा तो मोटरसाइकल गायब थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। टीम द्वारा मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही राहुल उईके पिता रामविलास उईके उम्र 30 साल निवासी ग्राम गिल्लौर से पूछताछ की गई तो उसने मोटरसाईकल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी से चोरी गई मोटरसाइकल MP37ZD0442 को जप्त कर आरोपी राहुल को गिरफ्तार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



