आनंद उत्सव की धूम, कलेक्टर-सीईओ ने टेबल टेनिस में आजमाए हाथ

सीहोर। शासकीय आवासीय खेलकूद संस्थान के मैदान पर बुधवार को आनंद उत्सव का भव्य और रंगारंग आयोजन किया गया। जिला स्तरीय इस आयोजन में उत्साह और खेल भावना का ऐसा अनूठा संगम देखने को मिला कि जिले के आला अधिकारी भी खुद को खेलने से रोक नहीं पाए। कलेक्टर बालागुरू के. ने टेबल टेनिस खेलकर अपनी खेल प्रतिभा दिखाई, वहीं जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने चम्मच दौड़ और टेबल टेनिस में भाग लेकर सभी का उत्साहवर्धन किया।

इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों के बीच की दूरी को कम कर आनंद और सामूहिकता का संचार करना था। कलेक्टर बालागुरू के. ने आयोजन को संबोधित करते हुए कहा कि आनंद उत्सव जैसे कार्यक्रम हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखते हैं। इससे आपसी सहयोग और एकता की भावना को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि खेल भावना न केवल हमें स्वस्थ रखती है, बल्कि समाज में आपसी सामंजस्य भी पैदा करती है।

इन खेलों का हुआ आयोजन
कैंपस में दिन भर कई पारंपरिक और आधुनिक खेलों की धूम रही। कार्यक्रम में सितोलिया, गोलाफेंक, रस्सी कूद, कुर्सी दौड़ और चम्मच दोड़। जबकि मैदानी खेल में क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी और वालीबॉल। इंडोर खेल में टेबल टेनिस और शतरंज खेले गए। इन सभी गतिविधियों में युवाओं और बच्चों के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों ने भी बढ़ चढक़र हिस्सा लिया।
स्वादिष्ट व्यंजनों का तडक़ा
उत्सव में केवल खेल ही नहीं, बल्कि स्वाद का भी तडक़ा लगा। स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए परंपरागत व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ सहित सभी उपस्थित लोगों ने इन स्टॉल्स पर जाकर स्थानीय जायके का आनंद लिया और दीदियों के हुनर की सराहना की।
एकता और उत्साह का संदेश
जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने भी खेल गतिविधियों में सक्रियता दिखाते हुए कहा कि ऐसे आयोजन मानसिक तनाव को कम करते हैं और टीम भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान सभी जिला अधिकारियों ने खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ाया यह पूरा आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ, जिसने पूरे जिले को एकता और आनंद का संदेश दिया।

Exit mobile version