मोबाइल छीनने पर नाराज होकर घर से निकली नाबालिग, पुलिस ने 4 घंटे में ढूंढ निकाला

सीहोर। पुलिस की मुस्तैदी के चलते एक नाबालिग बालिका को लापता होने के मात्र 4 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया गया। थाना भैरुंदा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 17 वर्षीय बालिका को दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को एक फरियादी ने थाने में सूचना दी कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुुसलाकर ले गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध दर्ज किया और जांच शुरू की।
गठित की टीम
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशों पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और एसडीओपी रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। उप निरीक्षक पूजा सिंह राजपूत के नेतृत्व में टीम ने रात में ही पूरे भैरुंदा क्षेत्र बस स्टैंड और संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। गश्त के दौरान प्रधान आरक्षक लोकेश रघुवंशी को बालिका सीहोर रोड स्थित सुहानी पैलेस के पास मिली, जिसे पुलिस ने विधिवत अपनी सुरक्षा में लिया।
मोबाइल के कारण उपजा था विवाद
पुलिस पूछताछ और परिजनों से बातचीत में यह तथ्य सामने आया कि बालिका मोबाइल फोन का बहुत अधिक उपयोग करती थी। उसकी मां ने जब मोबाइल इस्तेमाल करने से मना किया और उससे फोन ले लिया तो बालिका नाराज होकर घर से निकल गई थी।
काउंसलिंग कर परिजनों को सौंपा
पुलिस ने महज 4 घंटे के भीतर बालिका को सुरक्षित ढूंढकर परिजनों के हवाले कर दिया। महिला उप निरीक्षक पूजा राजपूत ने बालिका की विशेष काउंसलिंग की और उसे भविष्य में इस तरह का कदम न उठाने की समझाइश दी।

Exit mobile version