
सीहोर। धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगरी ओरछा में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यशाला के अंतिम दिन सांगठनिक हलचल तेज रही। इस मंथन शिविर में शामिल हुए वरिष्ठ भाजपा नेता व प्रदेश कार्य समिति सदस्य जसपाल सिंह अरोरा ने केंद्र और मध्य प्रदेश के दिग्गज नेताओं से मुलाकात कर जिले के राजनीतिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
कार्यशाला के दौरान जसपाल सिंह अरोरा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, मध्य प्रदेश के क्षेत्रीय प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, सह-प्रभारी अजय जामवाल, अखिल भारतीय कार्यालय प्रभारी तरुण चुघ, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार और पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी सहित राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के कई दिग्गज नेताओं से सौजन्य मुलाकात की। मुलाकात के दौरान अरोरा ने मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के साथ सीहोर जिले के संगठनात्मक विषयों, जमीनी राजनीतिक स्थिति और क्षेत्रीय विकास की दिशा पर विस्तार से चर्चा की तथा शीर्ष नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त किया।
सेवा संकल्प का महामंत्र और अंतिम रोडमैप
सोमवार सुबह 9.30 बजे से शुरू हुई सेवा संकल्प अभियान कार्यशाला दोपहर 1 बजे तक चली, जिसमें संगठन, सेवा और समर्पण के संकल्प के साथ जन-जन तक पहुंचने का नया खाका तैयार किया गया। समापन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने नेताओं को संगठन मजबूती का महामंत्र दिया।