एएसपी डॉ. चौबे बोले, वसुंधरा के विशेष शिक्षक दिव्यांग बच्चों के सपनों को दे रहे नई उड़ान

शिक्षक दिवस पर वसुंधरा विशेष विद्यालय में आयोजित हुआ कार्यक्रम, एएसपी ने किया विशेष शिक्षकों व सहयोगी स्टाफ का सम्मान

सीहोर। शिक्षक दिवस के अवसर पर वसुंधरा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित वसुंधरा विशेष विद्यालय ब्रह्मपुरी कॉलोनी बिलकिसगंज रोड में दिव्यांग बच्चों और उनके गुरुजनों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। विद्यालय के दिव्यांग बच्चों ने मुख्य अतिथि एएसपी प्रशांत चौबे व अन्य अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। इसके बाद विशेष बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
विशेष शिक्षक-समाजसेवियों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि एएसपी प्रशांत चौबे के हाथों शिक्षक एवं समाजसेवी हरिओम शर्मा दाऊ, ऋषिराज शर्मा, लोकेश राठी एवं रीतिका राठी को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही दिव्यांग बच्चों का जीवन संवारने में जुटे वसुंधरा विशेष विद्यालय के समर्पित शिक्षकों और सहयोगी स्टाफ का भी एएसपी चौबे द्वारा सम्मान किया गया। सम्मानित होने वालों में प्राचार्य बबीता प्रजापत, शिक्षिका अपेक्षा रैकवार, कार्यकर्ता तरुण श्रीवास्तव, लेखाकार व व्यावसायिक प्रशिक्षिका आस्था खत्री, व्यावसायिक प्रशिक्षक ओजस नेमा, फिजियोथेरेपिस्ट रविंद्र जायसवाल, संगीत शिक्षिका मनीषा वर्मा, केयरटेकर रीना मालवीय, मुस्कान चौहान, हिमांशु एवं सहायक लक्ष्मी शामिल रहे।
एएसपी ने की सराहना
अपने मुख्य आतिथ्य संबोधन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने वसुंधरा वेलफेयर फाउंडेशन के सेवा कार्यों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह संस्था विशेष शिक्षा, फिजियोथेरेपी, स्पीच थेरेपी, व्यावसायिक प्रशिक्षण और संगीत के माध्यम से दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास व उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का अद्भुत कार्य कर रही है।
एएसपी चौबे ने कहा कि विशेष शिक्षक केवल बच्चों को पढ़ाते नहीं हैं, बल्कि वे उनके भीतर आत्मविश्वास, हौसला और आत्मनिर्भरता का भाव जगाते हैं। दिव्यांग बच्चों के जीवन में सकारात्मक और क्रांतिकारी बदलाव लाने में इन शिक्षकों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण और वंदनीय है। कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष डॉ. अर्जुन सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अनेक गणमान्य नागरिक और बच्चों के अभिभावक मौजूद रहे।

Exit mobile version