आधी रात को पुलिस ने खटखटाए अपराधियों के दरवाजे…

सीहोर। जब पूरा शहर गहरी नींद में था, तब सीहोर पुलिस अपराधियों के लिए मुसीबत बनकर सडक़ों पर उतरी थी। जिले में अपराध नियंत्रण और बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में 7 और 8 अप्रैल की दरमियानी रात पूरे जिले में व्यापक कॉम्बिंग गश्त की गई। रात 12 बजे शुरू हुए इस ऑपरेशन में पुलिस की टीम ने सीधे अपराधियों के दरवाजों पर दस्तक दी, जिससे बदमाशों में अफरा तफरी मच गई।
इस अभियान की खासियत यह रही कि वरिष्ठ अधिकारियों ने केवल दफ्तर से निर्देश नहीं दिए, बल्कि खुद मैदान में डटे रहे। एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने स्वयं कोतवाली और बिलकिसगंज थानों की टीमों को ब्रीफ किया और गश्त का नेतृत्व किया। वहीं एएसपी सुनीता रावत ने मंडी और इछावर थानों में कमान संभाली। इनके अलावा जिले के सभी एसडीओपी आष्टा, भैरूंदा, बुदनी, सीहोर और डीएसपी ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में थानों की कमान संभालते हुए सुबह 5 बजे तक दबिश दी।
57 स्थायी वारंटी सलाखों के पीछे
पांच घंटे तक चले इस सर्च ऑपरेशन में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जिसें पुलिस ने कुल 164 वारंटियों को दबोचा। पकड़े गए लोगों में 57 ऐसे स्थायी वारंटी शामिल हैं, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे। इसके अलावा 107 गिरफ्तारी वारंटी भी पकड़े गए। अन्य कार्रवाई में धोखाधड़ी के एक मामले में फरार चल रहे एक शातिर आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। साथ ही 3 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में केस दर्ज किया गया।

137 बदमाशों की घर जाकर हुई चेकिंग
पुलिस की इस सर्जिकल स्ट्राइक का मकसद केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि बदमाशों में खौफ पैदा करना भी था। जिले के 137 चिह्नित अपराधियों, गुंडों और निगरानी बदमाशों के निवास पर जाकर पुलिस ने उनकी सघन चेकिंग की। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया कि अपराध की राह चुनने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है।
इन थानों का रहा दबदबा
वारंटियों को पकडऩे में कोतवाली पुलिस 25 वारंटी सबसे आगे रही। इसके बाद शाहगंज 14, इछावर व भैरूंदा 13-13, श्यामपुर व रेहटी 12-12 और जावर थाना 11 वारंटी गिरफ्तार किए हैं।
टीम को मिलेगा इनाम, अभियान रहेगा जारी
इस संयुक्त कॉम्बिंग गश्त में जिले भर के 225 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने अपनी भूमिका निभाई। टीम की इस सफलता और मुस्तैदी से खुश होकर एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने पूरी टीम को नगद इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ यह कार्रवाई भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगी।

Exit mobile version