विदिशा लोकसभा क्षेत्र की बुधनी विधानसभा में कार्यकर्ताओं के भरोसे भाजपा-कांग्रेस
नवरात्रि के पहले दिन कांग्रेस ने किया कार्यकर्ता सम्मेलन तो दूसरे दिन भाजपा का भी हुआ बड़ा आयोजन
Sumit Sharma
सीहोर। लोकसभा चुनाव को लेकर प्रचार जोरों पर है। मध्यप्रदेश की विदिशा लोकसभा सीट पर भी भाजपा-कांग्रेस के बीच में कड़ा मुकाबला है, क्योंकि यहां पर दो पूर्व सांसदों के बीच में टक्कर है। भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं बुधनी से विधायक शिवराज सिंह चौहान को टिकट दिया है तो वहीं कांग्रेस ने भी दो बार के सांसद रह चुके वरिष्ठ नेता प्रतापभानु शर्मा को मैदान में उतारा है। प्रतापभानु शर्मा ने चैत्र नवरात्रि के पहले दिन गुड़ीपड़वा पर मां बिजासन के दरबार में दर्शन करके मातारानी से आशीर्वाद प्राप्त किया और फिर बुधनी विधानसभा में जनसंपर्क अभियान शुरू किया। उनके साथ में कांग्रेस के युवा नेता विक्रम मस्ताल शर्मा हनुमानजी भी साथ रहे। इसके बाद शाहगंज, बुधनी, रेहटी और भैरूंदा में कार्यकर्ता सम्मेलनों को संबोधित किया एवं कार्यकर्ताओं में उर्जा का संचार किया। इधर भाजपा ने भी बुधनी विधानसभा क्षेत्र का कार्यकर्ता सम्मेलन सलकनपुर में आयोजित किया। इस दौरान बुधनी विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, नेता, पदाधिकारी आयोजन में शामिल हुए। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी धर्मपत्नी साधना सिंह, बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान के साथ पहुंचकर मां बिजासन की पूजा-अर्चना की एवं जीत का आशीर्वाद भी मांगा। इसके बाद यहां आयोजित सम्मेलन में पहुंचे। यहां पर नेताओं, कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री की भव्य अगवानी की। कांग्रेस का कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है: प्रतापभानु शर्मा बुधनी विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को जीत की जिम्मेदारी सौंपते हुए कांग्रेस प्रत्याशी प्रतापभानु शर्मा ने कहा कि इस बार भाजपा से पूरा हिसाब चुकता करना है और हर हाल में जीतना है। उन्होंने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। बिना कार्यकर्ता के कोई भी नेता चुनाव में जीत नहीं सकता है, इसलिए सभी पूरी तरह से चुनाव के मैदान में उतर जाएं और इस बार कांग्रेस को जीताकर लोकतंत्र की रक्षा करें। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा अपनी हठधर्मिता एवं सत्ता का उपयोग कर रही है वह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है, इसलिए हम सभी का दायित्व है कि अब लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए सभी को एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरकर कांग्रेस को जीत दिलाना है। इस दौरान बुधनी विधानसभा क्षेत्र के नेता, पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। हर बूथ पर मजबूती के साथ काम करें: शिवराज सिंह चौहान पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को नवरात्रि के दूसरे दिन सलकनपुर पहुंचकर मां विजयासन देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और देश व प्रदेशवासियों के खुशहाली की कामना की और भजन गाया। पूर्व सीएम ने विदिशा संसदीय क्षेत्र की बुधनी विधानसभा और विदिशा में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। सम्मेलन में सभी पदाधिकारी और बूथ स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान पूर्व सीएम ने लोकसभा चुनाव की रणनीति के संबंध में कार्यकर्ता, पदाधिकारी से विस्तार से चर्चा कर कहा कि, हर बूथ पर मजबूती के साथ काम करना है और घर-घर जनसंपर्क कर मोदी और प्रदेश सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देना है। आपकी मेहनत और लगन से निश्चित तौर पर एक बार फिर भाजपा का विजयी पताका लहराएगा। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को सकलनपुर में देवी जी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि मां सब पर कृपा और आशीर्वाद की वर्षा करें। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री ने “तूने मुझे बुलाया शेरावालिये” भजन भी गाया। पूर्व सीएम शिवराज ने कहा कि मोदीजी ने इस बार 400 पार का लक्ष्य रखा है। अकेले भाजपा 370 पार और एनडीए के साथ 400 पार का संकल्प है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी अपने-अपने बूथों पर मजबूती के साथ काम करें। मुझे पूरा विश्वास है कि कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और लगन से 400 पार का ये संकल्प निश्चित तौर पर पूरा होगा।