मण्डी टीआई की शिकायत लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे भाजपा जिला उपाध्यक्ष

सीहोर। ग्राम सेवनिया में एक जमीन विवाद ने अब तूल पकड़ता जा रहा है। मण्डी थाना टीआई और हल्का पटवारी की कार्यप्रणाली से नाराज भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राजपूत ग्रामीणों और पीडि़त किसान परिवार के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, यहां उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत को ज्ञापन सौंपकर मण्डी टीआई के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार ग्राम सेवनिया निवासी किसान पप्पू कौशल ने वर्ष 2012 में गांव के ही हनुमंत सिंह से करीब 11 लाख 75 हजार रुपये में जमीन खरीदी थी। किसान का आरोप है कि पूरी रकम चुकाने के बावजूद आरोपी रजिस्ट्री करने में टालमटोल करता रहा। विवाद तब उग्र हुआ जब 16 मार्च को मण्डी थाना टीआई और हल्का पटवारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे।
बिना आदेश तारबंदी और अभद्रता के आरोप
भाजपा उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस और राजस्व अमले ने बिना किसी वैध न्यायालयीन आदेश के खेत में सीमेंट के खंभे गाडक़र तारबंदी शुरू कर दी। जब पीडि़त किसान परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ गाली-गलौज की और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से बटाईदार द्वारा बनाए जा रहे वीडियो को मोबाइल से डिलीट कर दिया।
थाने में मारपीट और प्रताडऩा की शिकायत
पीडि़त परिवार का आरोप है कि पुलिस बटाईदार हरिओम और उसके पिता दिलीप को जबरन थाने ले गई, जहां उनके साथ मारपीट की गई और कई घंटों तक अवैध हिरासत में रखा गया। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने रक्षक की जगह भक्षक की भूमिका निभाई है और एक रसूखदार पक्ष को फायदा पहुंचाने के लिए गरीब किसान को प्रताडि़त किया है।
दोषी अधिकारियों को निलंबित करने की मांग
भाजपा जिला उपाध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान जनसुनवाई में एसडीएम तन्मय वर्मा और एसपी ऑफिस में एएसपी सुनीता रावत से मिले। ज्ञापन सौंपते समय पप्पू कौशल, दिलीप सिंह, लखन सिंह मेवाड़ा, बहादुर सिंह, विक्रम राठौर, राजाराम और संतोष सहित दर्जनों किसान मौजूद थे। उन्होंने मांग की है कि संबंधित टीआई और पटवारी को तत्काल निलंबित किया जाए। मामले की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच हो। पीडि़त किसान को उसकी जमीन का हक दिलाया जाए।



