
सीहोर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तो लगातार गरीबों को कच्चे मकान दे रहे हैं। वे तो उनका जीवन सुधारने के लिए रात-दिन जुटे हुए हैं। प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में गरीबों की सेवा का पुनीत कार्य किया जा रहा है। गरीबों को पक्के मकान बनाकर दिए जा रहे हैं। मकानों को तोड़ने का काम तो कोई और ही कर रहा है। यह बातें भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने कही। वे सीहोर विधानसभा के दोराहा गांव में उन परिवारों के घर पहुंचे, जिनका पिछले दिनों बुलडोजर से मकान ढहा दिया गया। हालांकि यह मामला कोर्ट का बताया जा रहा है। कोर्ट के निर्देश के बाद ही गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाया गया। श्री अरोरा दोराहा पहुंचकर यादव समाज के उन गरीब परिवारों के घर पहुंचे, जिनके घरों पर बुलडोजर चलाया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी भी गरीब व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होगा। गरीबों के मकानों पर बुलडोजर चल गया और कोई भी उनकी सुध लेने के लिए नहीं पहुंचा। वोट लेने के लिए तो सब पहुंच जाते हैं, लेकिन गरीबों की सुध लेने के लिए कोई नहीं आया। इस दौरान श्री अरोरा ने सीहोर विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को आइना भी दिखाया। भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा ने दोराहा से ही कलेक्टर प्रवीण सिंह से फोन पर चर्चा की एवं स्थिति से अवगत कराया। इस दौरान गरीब परिवारों को आश्वासन दिया गया है कि उनके साथ न्याय होगा।