
सीहोर। भाजपा प्रदेशभर में विकास यात्रा निकाल रही है। इस विकास यात्रा में पूरी सरकारी मशीनरी का उपयोग हो रहा है। ये कैसी विकास यात्रा है। यदि विकास किया है तो भाजपा सरकार को यह क्यों बताना पड़ रहा है कि उन्होंने विकास किया है। अब उनकी निकास यात्रा निकलेगी। भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश को 17 सालों में अपराध में नंबर वन, अवैध उत्खनन में नंबर वन, रैप में नंबर वन पर लाकर खड़ा कर दिया है। कांग्रेस सरकार को 15 माह का समय मिला था, जिसमें हमने किसानों की कर्जमाफी की, माफियों के खिलाफ अभियान चलाया, शुद्ध के लिए युद्ध अभियान चलाया। ये बातें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कही। वे विधानसभा चुनाव का शंखनाद करने के लिए सीहोर पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने चिंतामन श्रीगणेश के दर्शन किए। इसके बाद उनका काफिला शुगर फैक्ट्री चौराहा से होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से टाउन हाल पर पहुंचा। यहां पर उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को संबोधित किया।
आमने-सामने आए देंगे हिसाब-
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मेरे से 15 माह का हिसाब मांग रहे हैं। मैं कहता हूं कि वे आ जाएं। आमने-सामने आकर बात करें, उनको पूरा हिसाब दिया जाएगा। पीसीसी चीफ ने कहा कि कांग्रेस सरकार को काम करने के लिए सिर्फ 15 माह का समय मिला। इसमें ढाई महीना तो लोकसभा चुनाव की आचार संहिता में निकल गया। बाकी समय में हमने किसानों की कर्जमाफी की। माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाया।
भाजपा के लोग रामायण-गीता पढ़ना नहीं जानते : रमेश सक्सेना
पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश सक्सेना ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में अंधेरगर्दी के अलावा कुछ नहीं है। हर तरफ लूट मची हुई है। भ्रष्टाचार चरम पर है, अवैध माफिया सक्रिय है, अपराध बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में नकली सामान देकर वाहवाही लूटी जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग न तो गीता पढ़ना जानते हैं, न महाभारत पढ़ना जानते हैं और न ही रामायण पढ़ना जानते हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई कांग्रेस की बुराई करते हैं तो हम चुपचाप सुन लेते हैं, लेकिन अब उन्हें जबाव दीजिए। सभा को पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भी संबोधित किया।
बुदनी विधानसभा से पहुंची 50 गाड़ियां-
सीहोर में आयोजित कमलनाथ के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुदनी विधानसभा से 50 से अधिक गाड़ियां सीहोर पहुंची। इसमें बुदनी विधानसभा के कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता शामिल रहे। युवा कांग्रेस नेता अर्जुन शर्मा निक्की की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सीहोर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पीसीसी चीफ का स्वागत, सत्कार भी किया। बुदनी विधानसभा से सीहोर पहुंचे प्रमुख नेताओं में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बुदनी केशव चौहान, युवा नेता विपुल यादव, दुष्यंत मालवीय सहित अन्य रहे। इधर सीहोर विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, नेता सीहोर पहुंचे। कांग्रेस के युवा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य शशांक सक्सेना के नेतृत्व में पहुंचे इन कार्यकर्ताओं ने भी कमलनाथ की भव्य अगवानी की।
कमलनाथ टालते रहे पत्रकारों के जबाव-
सीहोर स्थित टाउन हाल में सभा से पहले पीसीसी चीफ ने पत्रकारवार्ता की। इस दौरान उन्होंने अपनी बात कहते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में हर तरफ अराजकता की स्थिति बनी हुई है। कहीं कोई सिस्टम नहीं है। जिधर देखो उधर ही भ्रष्टाचार है, अराजकता का माहौल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने वर्ष 2018 में मौका दिया था, लेकिन यह मौका हमारे पास सिर्फ 15 माह ही रहा। इसके बाद जब पत्रकारों ने कमलनाथ से सीहोर जिला संगठन को लेकर सवाल किया तो वे जबाव नहीं दे पाए। एक सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि सीहोर जिले में अभी संगठनात्मक नियुक्तियां होनी है। विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों को लेकर उन्होंने कहा कि अभी चुनावी तैयारियां शुरू हुर्इं हैं, लेकिन उम्मीदवारों को लेकर अभी जल्दबाजी होगी।