
सीहोर। केंद्रीय कृषि एवं पंचायत ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सीहोर आगमन पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने अपने मित्र मंडल के साथ उनकी भव्य अगवानी की। अवसर था कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित दिशा की महत्वपूर्ण बैठक का, जिसमें शामिल होने पहुंचे केंद्रीय मंत्री का श्री अरोरा ने फूलमालाओं से आत्मीय स्वागत किया।
स्वागत के उपरांत जसपाल सिंह अरोरा और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। श्री अरोरा ने केंद्रीय मंत्री से क्षेत्र के विकास और आगामी योजनाओं को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
सीहोर के विकास में छोड़ी अमिट छाप
मुलाकात के बाद भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्री चौहान हमारे जनप्रिय नेता हैं और सीहोर उनका गृह जिला है। उन्होंने कहा सीहोर के विकास में शिवराज जी ने कभी कोई कमी नहीं छोड़ी है। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि अब वे केंद्रीय मंत्री के रूप में भी लगातार सीहोर पहुंचकर विकास कार्यों की जमीनी स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। उनका स्नेह, आशीर्वाद और कुशल मार्गदर्शन हमें हमेशा मिलता रहा है। इस दौरान अरोरा मित्र मंडल के सदस्य और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने केंद्रीय मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।