भाजपा नेता अरोरा ने नहीं मनाया जन्मदिन, प्रादेशिक नेताओं ने फोन पर दी बधाई

सीहोर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व पालिका अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने इस वर्ष अपना जन्मदिन धूमधाम से मनाने की बजाय सादगी के साथ व्यतीत किया। उन्होंने अपने बड़े भाई पृथ्वीराज सिंह अरोरा के दुखद निधन और दिल्ली बम विस्फोट में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अपना जन्मदिन समारोह आयोजित नहीं किया।
बता दें पूर्व जिलाध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा का जन्मदिन 13 नवंबर को आता है और आमतौर पर उनके समर्थक, प्रशंसक और कार्यकर्ता सीहोर नगर और विधानसभा क्षेत्र में बड़े उत्साह के साथ जश्न मनाते हैं। हालांकि इस बार उन्होंने अपने मोबाइल पर ही सभी से बधाइयां और शुभकामनाएं स्वीकार कीं।
प्रादेशिक नेताओं ने दी बधाई
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा को फोन के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने बधाई दी। जबकि जिले से भी भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर और कई स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और मित्रों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी दिनभर श्री अरोरा को बधाइयां मिलती रहीं।
आभार व्यक्त किया
श्री अरोरा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए इस कठिन समय में भी उन्हें याद करने और शुभकामनाएं भेजने वाले सभी लोगों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।

Exit mobile version