Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

सीहोर में भाजपा ने ऐतिहासिक बनाया पीएम मोदी का 100वां एपिसोड

जिले के सभी 1220 बूथों पर भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सुनी मन की बात

सीहोर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का रविवार को 100वां एपिसोड प्रसारित किया गया। इस 100वे एपिसोड को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा ने प्रदेशभर सहित सीहोर जिले के सभी बूथों पर कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान एलईडी लगाकर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं सहित आमजनों ने बैठकर पीएम मोदी के मन की बात को सुना। रेहटी नगर परिषद में भी नगर परिषद कार्यालय में परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र मीना पटेल, उपाध्यक्ष राजीव अर्चना शर्मा सहित पार्षदों एवं भाजपा नेताओं ने पीएम मोदी के मन की बात का कार्यक्रम सुना। भाजपा सलकनपुर मंडल द्वारा भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के आव्हान पर मन की बात का 100वां एपिसोड जिले के सभी 1220 बूथों पर सुना गया। सीहोर जिला भाजपा के मीडिया प्रभारी सुशील संचेती ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रेडियो कार्यक्रम मन की बात का 100वां एपिसोड भाजपा जिला अध्यक्ष रवि मालवीय के नेतृत्व में जिले के सभी 1220 बूथों पर सुना गया। बूथों पर बूथ समिति के त्रिदेव, पंच परमेश्वर, भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता समाज के प्रबुद्धजनों तथा आम नागरिकों ने मन की बात कार्यक्रम को बड़े उत्साह के साथ सुना।
इन नेताओं ने यहां सुनी मन की बात-
विदिशा सांसद रामाकांत भार्गव, जिला अध्यक्ष रवि मालवीय ने जिले के सुदूर आदिवासी ग्राम इटावा खुर्द के बूथ क्रमांक 360 पर कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात सुनी। इछावर विधायक करणसिंह वर्मा बूथ क्रमांक 234 बोरदी कला में शामिल हुए। आष्टा विधायक रघुनाथसिंह मालवीय ने अपने गृह ग्राम कोठरी निवास पर बूथ क्रमांक 267 कोठरी बूथ समिति, मंडल अध्यक्ष के साथ मन की बात सुनी। देवास सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने आष्टा नपा द्वारा आयोजित हनुमान चालीसा का पाठ कार्यक्रम में शामिल होकर यहां मन की बात कार्यक्रम का 100वा एपिसोड भाजपाजनो के साथ सुना। इस कार्यक्रम में समाजसेवियों, सेवानिवृत्त सेनिकों, कलाकारों, प्रतिभाओं, सफाई कर्मियों आदि का स्वागत सम्मान किया। जिले के सभी 19 मंडलों में बूथ स्तर पर उक्त कार्यक्रम सुना गया। इस मौके पर पूरे जिले में बूथों पर सभी विधायक, पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
आष्टा : मन की बात से पहले हुआ हनुमान चालीसा का पाठ
आष्टा स्थित मानस भवन में भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल द्वारा प्रधानमंत्री के मन की बात के 100वें एपिसोड पर भव्य आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संक्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम की तैयारियां 2 दिन से चल रही थी, जिसमें नगर के समस्त कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित प्रदेश एवं जिले के भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों के फोटो लगाए गए थे। सवेरे 9:30 बजे से ही कार्यकर्ता मानस भवन पहुंच चुके थे। दो बड़ी एलसीडी लगाई गई थी, जिसमें सभी लोगों ने बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात को सुना। उसके बाद सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष गोपाल सिंह इंजीनियर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं नगर पालिका अध्यक्ष हेमकुमार राय सिंह मेवाड़ा मंच पर आमंत्रित किए गए। शुरुआत में मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। दीप प्रज्वलन के बाद स्थानीय भजन गायक राजू जायसवाल एवं वंशिका गोस्वामी द्वारा 11 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। साथी कलाकारों ने ढोलक एवं वाद्य यंत्रों से समां बांधा। सभी श्रोताओं को हनुमान चालीसा की किताबें वितरित की गई थी। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने समस्त अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सभी नगर के लोगों को नगर हित में साफ सफाई पर विशेष ध्यान देना है। उन्होंने सफाई के बारे में सभी से आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष गोपाल सिंह इंजीनियर ने कहा कि जिस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के माध्यम से लोगों में एक नई जागृति पैदा की है। उन्होंने बेटियों के साथ सेल्फी वाली बात का जिक्र करते हुए कहा कि बेटियों के साथ सेल्फी लेने से यह कैंपियन के रूप में सामने आया, जिसकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारीफ की और लोग आज बेटियों को बेटों के समान सम्मान देने लगे हैं और बेटियों का भी मान बढ़ गया है। सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि हम सबने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बातों को सुना। हमें उनसे प्रेरणा लेना चाहिए और जिस प्रकार से आज हमने सामूहिक रूप से बैठकर मन की बात को सुना। आने वाले समय में हम परिवार के साथ बैठकर मन की बात सुने और उस बारे में बच्चों से भी बातचीत करें, ताकि हो ना हो हमारी जिले से तहसील से कोई न कोई व्यक्ति प्रेरणा लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात में शामिल हो। उद्बोधन के पश्चात उपस्थित रिटायर्ड सैनिकों का पुष्प माला पहनाकर जनप्रतिनिधियों एवं सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने सम्मान किया और उन्हें प्रशंसा पत्र प्रदान किए। एक के बाद एक क्रमवार कवियों, लेखकों, अध्यापकों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, शिक्षा जगत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को एवं पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय शामिल नहीं हुए। नगर मंडल अध्यक्ष अतुल शर्मा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रूपेश राठौर द्वारा किया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button