Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

निर्माण से पहले ही भाजपा कार्यालय को मिला नाम…

सीहोर। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर सीहोर को एक बड़ी सौगात मिली। सोमवार को शहर के क्रिसेंट रिसॉर्ट चौराहे के पास भाजपा के नवीन जिला कार्यालय का भव्य भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही इस कार्यालय को इसका नाम मिल गया। जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने इस भवन को भाजपा कार्यकर्ताओं का देवालय नाम दिया है।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए कार्यालय महज ईंट-पत्थरों से बना कोई ऑफिस नहीं होता, बल्कि यह वह पवित्र स्थान है जहां राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया जाता है। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा हमारे लिए यह कार्यालय सिर्फ एक बिल्डिंग नहीं बल्कि देवालय है, जहां बैठकर कार्यकर्ता जन-सेवा और राष्ट्र-निर्माण की पूजा करेंगे।
मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष वर्चुअली जुड़े
नवीन कार्यालय के भूमिपूजन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल वर्चुअली शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर ही भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा दल है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने लक्ष्य निर्धारित किया कि इस कार्यालय का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा कर लिया जाए, ताकि अगले वर्ष 6 अप्रैल को इसका लोकार्पण हो सके।

इन्होंने किया संबोधित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि यह नया भवन संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगा। जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए इसे कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बताया। युवा नेता कार्तिकेय चौहान ने युवाओं से इस देवालय से जुडक़र राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
स्थापना दिवस पर उत्सव जैसा माहौल
कार्यक्रम की शुरुआत बस स्टैंड स्थित पुराने कार्यालय पर जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा द्वारा ध्वजारोहण और मिठाई वितरण के साथ हुई। इसके बाद सभी नेता और कार्यकर्ता भूमिपूजन स्थल पर पहुंचे। यहां विधि-विधान से पूजन अर्चन किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रभारी विकास विरानी, विधायक सुदेश राय, रमाकांत भार्गव, गोपाल इंजीनियर, नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित बड़ी संख्या में पूर्व जिलाध्यक्ष और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया भवन
जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर ने बताया कि प्रस्तावित जिला कार्यालय आधुनिक और हाईटेक होगा। इसमें एक विशाल सभागार, आईटी सेल, कॉन्फ्रेंस रूम और कार्यकर्ताओं के रुकने की व्यवस्था होगी। कार्यक्रम का संचालन नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button