Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

बोर्ड परीक्षाओं का आगाज, 101 केंद्रों पर 38 हजार छात्र लिख रहे अपना भविष्य

सीहोर। माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाएं आज यानी मंगलवार 10 फरवरी से शुरू हो गई हैं। जिले के सभी 101 परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की रौनक दिखाई दी। प्रशासन ने परीक्षाओं को लेकर जीरो टॉलरेंस का रुख अपनाते हुए सुरक्षा और पारदर्शिता के कड़े इंतजाम किए हैं।
जिले में कुल 38 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। प्रशासन ने जिले के 5 परीक्षा केंद्रों को अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा है। इन केंद्रों पर नकल रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और विशेष उडऩदस्ते तैनात किए गए हैं। सामान्य केंद्रों पर भी कलेक्टर बालागुरु के. के निर्देशों के पालन में कड़ी सतर्कता बरती जा रही है।
थाने से सेंटर तक हर पल का हिसाब
परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए इस बार तकनीक का जबरदस्त इस्तेमाल हो रहा है। प्रश्न-पत्रों को थाने से निकालने से लेकर, केंद्र पर लिफाफे खोलने और परीक्षा के बाद कॉपियों को सील करने तक की पूरी प्रक्रिया मंडल ऐप पर ऑनलाइन दर्ज की जा रही है। पेपर के बंडलों की लोकेशन भी जीपीएस के जरिए ट्रैक की जा रही है ताकि पेपर लीक जैसी किसी भी गुंजाइश को खत्म किया जा सके।
मोबाइल पर पूरी तरह बैन
नकल पर लगाम कसने के लिए परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। निर्देश साफ हैं कि परीक्षार्थियों के साथ-साथ पर्यवेक्षक और केंद्राध्यक्ष भी मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगेए केवल कलेक्टर प्रतिनिधि को ही इसमें छूट दी गई है।
दबाव के बीच हौसले की परीक्षा
परीक्षा केंद्र पहुंचे छात्रों के चेहरे पर घबराहट और उत्साह का मिला-जुला भाव नजर आया। 12वीं के छात्र आदित्य और 10वीं की नेहा ने बताया कि साल भर की मेहनत को आज पन्नों पर उतारने का मौका है। अभिभावकों ने भी बच्चों को तनावमुक्त रखने के लिए सुबह से ही उनका उत्साह बढ़ाया। प्रशासन ने छात्रों की सुविधा के लिए पेयजल और प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था केंद्रों पर सुनिश्चित की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button