निर्विघ्न शुरू हुईं बोर्ड परीक्षाएं, पहले दिन अंग्रेजी के पेपर में नकल पर लगा लगाम

सीहोर। माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश की कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से जिले भर में उत्साह और कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गईं। पहले दिन अंग्रेजी विषय का प्रश्न पत्र आयोजित किया गया। प्रशासन की जबरदस्त मुस्तैदी का नतीजा यह रहा कि पहले दिन जिले के किसी भी केंद्र पर नकल का एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ।
परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिले के आला अधिकारी खुद केंद्रों पर पहुंचे। जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने सीहोर मुख्यालय स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रं. 01 का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने न केवल सुरक्षा इंतजामों को देखा, बल्कि परीक्षा हॉल में जाकर छात्र-छात्राओं से बात की और उन्हें बिना किसी तनाव के भयमुक्त होकर पेपर लिखने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी संजय सिंह तोमर भी उनके साथ मौजूद रहे।
एप के जरिए प्रश्न-पत्रों की निगरानी
इस बार बोर्ड परीक्षाओं में तकनीक का विशेष सहारा लिया गया है। सुबह थानों से कलेक्टर प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रश्न.पत्र निकाले गए। पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए मोबाइल एप के जरिए इसकी रियल-टाइम जानकारी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड की गई। जिला और विकासखंड स्तर के उडऩदस्तों ने दिनभर विभिन्न केंद्रों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
नहीं बना एक भी नकल प्रकरण
जारी जानकारी के अनुसार पहले दिन जिले के पांचों विकासखंडों में कुल 16083 परीक्षार्थी दर्ज थे, जिनमें से 15892 उपस्थित रहे और 191 अनुपस्थित पाए गए। विकासखंडवार स्थिति देखें तो सीहोर में 5582 दर्ज में से 5527 उपस्थित (55 अनुपस्थित), आष्टा में 4818 में से 4765 उपस्थित (53 अनुपस्थित), भैरूंदा में 2453 में से 2413 उपस्थित (40 अनुपस्थित), बुधनी में 1736 में से 1712 उपस्थित (24 अनुपस्थित) और इछावर में 1494 दर्ज परीक्षार्थियों में से 1475 उपस्थित (19 अनुपस्थित) रहे। पहले दिन सभी विकासखंडों में नकल प्रकरण शून्य रहा।



