सलकनपुर से चोरी हुई बोलेरो कार बरामद, रेहटी पुलिस ने आरोपी को दबोचा, रायसेन जिले से हुआ गिरफ्तार

सीहारे। मां विजयासन धाम सलकनपुर के टैक्सी स्टैंड से चोरी हुई बोलेरो गाड़ी के मामले में रेहटी थाना पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए न केवल चोरी का खुलासा किया, बल्कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 6 लाख रुपये कीमत की बोलेरो भी बरामद कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दीपाखेड़ी थाना बरेली जिला रायसेन निवासी फरियादी जितेंद्र राजपूत ने 16 अक्टूबर को थाना रेहटी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया था कि 13 और 14 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात चोर सलकनपुर टैक्सी स्टैंड के पास से उसकी बोलेरो चुराकर ले गया है। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी और मुखबिर से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे और एसडीओपी बुदनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक हिमलेन्द्र पटेल के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मामले की पड़ताल करते हुए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। फुटेज और मुखबिर से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने संदेही भागीरथ कीर निवासी नयापुरा थाना सतलापुर जिला रायसेन को हिरासत में लिया। जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सलकनपुर से बोलेरो चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी जेल भेजा गया
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 06 लाख रुपये की बोलेरो गाड़ी जब्त कर ली है। आरोपी भागीरथ कीर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस चोरी का खुलासा करने में थाना प्रभारी रेहटी निरीक्षक हिमलेन्द्र पटेल, टीम प्रभारी प्रधान आरक्षक उग्रसेन गौतम, सहायक आरक्षक अभिषेक यादव, आरक्षक योगेश कटारे, आरक्षक पुष्पेंद्र एवं आरक्षक विकास नगर का विशेष और योगदान रहा।

Exit mobile version