सीहोर जिले के 1220 बूथों पर प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ को बूथ समितियां सामूहिक रूप से सुनेगी
- भाजपा बनाएगी 100वें एपिसोड को ऐतिहासिक

सीहोर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 100वें एपिसोड को सीहोर जिले में भारतीय जनता पार्टी द्वारा ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी मंडलों ने कार्य योजना बनाई है। 30 अप्रैल रविवार को प्रात: 11 बजे से सीहोर जिले के सभी 1220 बूथों पर मन की बात सुनी जाएगी। जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों सीहोर, आष्टा, इछावर, बुधनी के सभी 1220 बूथों पर मन की बात का सामूहिक प्रसारण होगा। इनमें प्रत्येक स्थान पर अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्तिथ रहेंगे।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुशील संचेती ने बताया कि सीहोर भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मालवीय के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर सभी 19 मंडलों में मंडल स्तर पर बैठकें आयोजित की गई हैं। बैठकों में 100वें एपिसोड को ऐतिहासिक बनाने के लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है। जिलाध्यक्ष श्री मालवीय ने सभी मंडलों के अध्यक्षों से कहा है कि जिले के सभी 1220 बूथों पर मन की बात के 100वें एपिसोड का प्रसारण सुव्यवस्तिथ रूप से हो ऐसा सभी तय करे, साथ ही प्रत्येक विधानसभा में प्रमुख स्थान चयनित कर उनमें सामूहिक रूप से टीवी अथवा एलईडी के माध्यम से मन की बात का प्रसारण किया जाए। इनमें प्रत्येक स्थान पर मन की बात सुनने वालों की संख्या ज्यादा से ज्यादा हो, ऐसा सुनिश्चित करें। भाजपा जिला अध्यक्ष रवि मालवीय ने भाजपा कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों व आमजन से प्रधानमंत्री के मन की बात के 100वें एपिसोड को अधिक से अधिक संख्या में सुनने का आह्वान किया है।
संगठन एप पर कर सकेंगे आॅनलाइन इंट्री-
जिले के सभी बूथ पर मन की बात कार्यक्रम आयोजित होगी। बूथ अध्यक्ष, महामंत्री व अन्य पदाधिकारियों द्वारा संगठन एप के माध्यम से कार्यक्रम की आॅनलाइन इंट्री की जाएगी। इसमें संबंधित विधानसभा का नाम, बूथ का क्रमांक, उपस्थिति संख्या, पता, फोटो सहित अन्य विवरण दर्ज किए जाएंगे। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला भाजपा द्वारा भव्य तैयारियां की जा रही हैं। सभी मंडल अध्यक्ष, भाजयुमो के पदाधिकारी, महिला मोर्चा सहित अन्य मोर्चों के जिलाध्यक्षों को कार्यक्रम की अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गर्इं हैं। सभी सामूहिक रूप से एकसाथ प्रधानमंत्री के मन की बात को सुनेंगे।