
सीहोर। थाना सिद्दीकगंज पुलिस ने धरमपुरी दोहरे हत्याकांड के एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है।
बता दें बीती 6 मार्च को ग्राम धरमपुरी में वन भूमि विवाद और पुरानी रंजिश के चलते परीक्षा देने जा रहे कुलदीप और शीतल दोनों पिता जगदीश की घात लगाकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी हरिसिंह मालवीय और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
अब तक की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत के निर्देशन में पुलिस पहले ही चार आरोपियों हेमंत उर्फ संजू, सेवंता बाई, हरीसिंह और हेमलता बाई को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी
वारदात के बाद से ही आरोपी कमलसिंह पिता उमरांवसिंह निवासी खजूरिया कासम फरार चल रहा था। थाना प्रभारी राजू सिंह बघेल की टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से 11 मार्च को उसे धर दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गई है। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।