बुधनी पुलिस की बड़ी कामयाबी, घर का ताला तोडक़र चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

सीहोर। बुधनी थाना पुलिस ने शहर के आवास कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया गया समस्त इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी अनुराग निमोदा पिता शिवदयाल निवासी आवास कॉलोनी बुधनी 24 मार्च को परिवार सहित नर्मदापुरम गए हुए थे। इस दौरान उनके सूने घर का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ने ताला तोडक़र अंदर प्रवेश किया। जब अगले दिन 25 मार्च को शाम करीब 4 बजे फरियादी वापस लौटे तो घर का ताला टूटा मिला। अंदर जांच करने पर 32 इंच की जायका कंपनी की एलईडी टीवी, यूनिवर्सल कंपनी का होम थिएटर, दो स्पीकर और टीवी रिसीवर गायब मिले।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बुधनी में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और एसडीओपी बुदनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप जाट ने एक विशेष टीम का गठन किया।
मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया आरोपी
गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी शिवम मेहरा पिता नानू उर्फ लक्ष्मण मेहरा निवासी वार्ड क्रमांक 07 बुधनी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली, जिसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गई एलइडी टीवी, होम थिएटर 2 बॉक्स और 2 स्पीकर व टीवी रिसीवर जप्त कर लिया।
इनका रहा योगदान
चोरी के इस मामले को सुलझाने में बुदनी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप जाट, प्रधान आरक्षक अजय सिंह, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र धीरें और प्रधान आरक्षक रामप्रसाद सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version