
BUDNI BEWS : सीहोर। कश्मीर से कन्याकुमारी तक 4000 किलोमीटर की ‘भारत अन्न शुद्धि पदयात्रा’ पर निकले ऑर्गेनिक फार्मर और एग्रीप्रिन्योर गौरव त्यागी करीब 1800 किलोमीटर का सफर तय कर बुधनी पहुंचे। यहां उन्होंने भारती विद्या मंदिर में छात्रों से संवाद किया।
पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य खाद्य पदार्थों में मिलावट और उसके स्वास्थ्य पर पडऩे वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलाना है। त्यागी ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की बात पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य शुद्ध अन्न शुद्ध भारत के लिए एक राष्ट्रीय आंदोलन खड़ा करना है। कार्यक्रम के दौरान त्यागी ने बच्चों को प्राकृतिक खेती के फायदे और जंक फूड के नुकसान के बारे में बताया। उन्होंने सभी को जंक फूड न खाने की शपथ भी दिलाई। विद्यालय के संचालक विनय यादव ने बताया कि उनका विद्यालय पहले से ही शुद्ध खाद्य पदार्थों, प्रकृति संरक्षण और प्लास्टिक निषेध पर काम कर रहा है और अब वे प्राकृतिक खान.पान पर भी काम की गति बढ़ाएंगे।
गौरव त्यागी ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने गौरव त्यागी को उनकी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके इस महत्वपूर्ण प्रयास को आगे बढ़ाने का वचन दिया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या दिलना राजपूत, संचालक विनय यादव सहित शिक्षकगण और छात्र उपस्थित रहे।