Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

भगवान परशुराम प्रकटोत्सव की धूम, घर-घर पहुंच रहे निमंत्रण

सीहोर। शहर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वाधान में भगवान श्री परशुराम जी का प्रकटोत्सव बेहद आस्था और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी और युवा टोली भीषण गर्मी की परवाह किए बिना घर-घर जाकर समाजजनों को पीले चावल और निमंत्रण पत्र भेंट कर रही है।
बता दें समाज के आराध्य देव भगवान परशुराम का भव्य चल समारोह आगामी 26 अप्रैल को निकाला जाएगा। यह चल समारोह शहर के खजांची लाइन स्थित सर्व ब्राह्मण धर्मशाला से प्रारंभ होगा, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ बाल विहार मैदान पर संपन्न होगा। समाज के पदाधिकारियों का लक्ष्य है कि इस चल समारोह में समाज की एकता और शक्ति का अभूतपूर्व नजारा दिखे।
अभिषेक और पूजन का कार्यक्रम
उत्सव की शुरुआत विधिवत धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगी। आगामी 20 अप्रैल को सुबह 8 बजे भगवान श्री परशुराम जी का विशेष अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात सुबह 10 बजे खजांची लाइन धर्मशाला में सामूहिक पूजन-अर्चन और आरती का आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों को लेकर महिलाओं और युवाओं की अलग-अलग बैठकें आयोजित कर जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं।
शर्मा के नेतृत्व में जनसंपर्क
ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष दीपक शर्मा के नेतृत्व में विप्रजनों की टोली शहर के गली-मोहल्लों में पहुंच रही है। जनसंपर्क के दौरान भगवान परशुराम के जयकारों से माहौल धर्ममय हो रहा है। इस मौके पर समाज के वरिष्ठों ने विप्र बंधुओं से सपरिवार चल समारोह में शामिल होने का आग्रह किया है। इस जनसंपर्क अभियान और आयोजन की व्यवस्थाओं में चल समारोह अध्यक्ष राजेश शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष सुदीप व्यास, ट्रस्ट अध्यक्ष मनोहर शर्मा, कोषाध्यक्ष रुपेश तिवारी, युवा अध्यक्ष रजत व्यास, चल समारोह युवा अध्यक्ष तनिष त्यागी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित एवं सुनील शर्मा ने बताया कि भगवान परशुराम जन्मोत्सव को लेकर विप्रजनों में भारी उत्साह है। समाज की महिलाओं और युवाओं ने भी इस बार चल समारोह को लेकर विशेष तैयारियां की हैं, जिससे आयोजन को भव्य और दिव्य स्वरूप दिया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button