
सीहोर। कल 4 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सीहोर आगमन से पहले जिले में सियासी पारा पूरी तरह चढ़ गया है। प्रदेश सरकार जहां इसे औद्योगिक क्रांति और रोजगार के बड़े अवसर के रूप में भुनाने की तैयारी में है, वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने सीधे मुख्यमंत्री से पांच सवाल पूछे हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने मुख्यमंत्री का औपचारिक स्वागत तो किया, लेकिन साथ ही साफ शब्दों में कहा कि सीहोर की जनता सिर्फ औद्योगिक भाषण सुनने नहीं, बल्कि वर्षों से लटकी अपनी समस्याओं का पक्का समाधान पाने की उम्मीद लगाए बैठी है।
5000 में कैसे बसेगा उजड़ा आशियाना
राजीव गुजराती ने कहा कि बीते दिनों भारी बारिश और बाढ़ ने सीहोर विधानसभा क्षेत्र के किसानों व गरीब परिवारों की कमर तोड़ दी है। सरकार द्वारा दी गई महज 5 हजार रुपये की राहत राशि घाव पर नमक छिडक़ने जैसी है। उन्होंने मांग की कि प्रभावितों के लिए विशेष राहत पैकेज घोषित हो और बर्बाद हुई सोयाबीन फसल का तत्काल गिरदावरी/सर्वे कराकर मुआवजा दिया जाए।
कब बनेगी ओवरब्रिज की सर्विस रोड और रिंग रोड
हाउसिंग बोर्ड ओवरब्रिज की दूसरी सर्विस रोड का काम लंबे समय से अटका पड़ा है, जिससे रोजाना हजारों लोग धूल और जाम से जूझ रहे हैं। गुजराती ने सीधा सवाल किया कि आखिर इस सर्विस रोड और अधूरी रिंग रोड का निर्माण कार्य कब पूरा होगा।
नर्मदा में जारी अवैध खनन पर खामोशी क्यों
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने नर्मदा नदी में बेधडक़ चल रहे अवैध रेत उत्खनन और अवैध परिवहन का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक शह के कारण पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिस पर मुख्यमंत्री को तुरंत संज्ञान लेकर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
दफ्तरों में फैले भ्रष्टाचार पर चाबुक कब
तहसील कार्यालयों से लेकर जिले में चल रहे विभिन्न शासकीय निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए गुजराती ने कहा कि आम जनता परेशान है। उन्होंने मांग की कि सरकारी निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों को सख्त सजा दी जाए।
भाषण या समाधान, क्या लेकर आ रहे हैं सीएम
गुजराती ने कहा कि सीजी क्रॉम्पटन एंड ग्रीव्स कंपनी का 50 एकड़ में फैला ट्रांसफॉर्मर प्लांट और 2000 नौकरियों का दावा स्वागत योग्य है, लेकिन स्थानीय मूलभूत सुविधाओं को नजरअंदाज करके विकास का ढांचा अधूरा ही रहेगा।
जनता की आवाज दबाने नहीं देंगे
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सीहोर के किसानों, बेघर बाढ़ पीडि़तों और आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अपील की है कि वे सीहोर दौरे के दौरान केवल मंच से घोषणाएं करने के बजाय जनता की इन वास्तविक समस्याओं को सुनें और मौके पर ही इनके स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएं।