
आष्टा। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल आष्टा में विकासखंड स्तरीय मुख्यमंत्री कप प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय, जिला पंचायत अध्यक्ष गोपाल सिंह इंजीनियर, नगर पालिका अध्यक्ष हेमकुंवर राय सिंह मेवाडा, जीतेंद्र आजाद (युवा खेल समन्वयक) द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। युवा खेल कल्याण मध्यप्रदेश द्वारा युवा अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री कप का आयोजन किया गया, जिसमें एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल, फुटबॉल तथा खो-खो खेल की प्रतियोगिता का ब्लॉक स्तर पर आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में स्थानीय, खेल निकाय, क्लब, विद्यालय, खेल संघों एवं ग्राम पंचायतों के खिलाड़ियों/खेल दलों को सम्मिलित किया गया। ब्लॉक से चयनित खिलाड़ियों को जिला, संभाग एवं राज्य सरकार की प्रतियोगिता में क्रमशः सम्मिलित किया जाएगा। यह प्रतियोगिता जिला कलेक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में खेल और युवा कल्याण विभाग के जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी द्वारा आपसी समन्वय कर आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल संचालकगण सैय्यद परवेज़ अली, पायल अली, बहादुर सिंह सेंधव, ज्ञानसिंह ठाकुर, प्राचार्या निलिमा बड़जात्या उपस्थित रहे।