विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, मॉडल के जरिए समझा, पर्यावरण संरक्षण के गुर

सीहोर। शासकीय सुभाष उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित विकासखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी और विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच देखने को मिली। इस आयोजन में ब्लॉक की विभिन्न शालाओं के कक्षा 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान, गणित, पर्यावरण और सामाजिक विज्ञान विषयों पर एक से बढक़र एक मॉडल पेश किए।
प्रदर्शनी के साथ-साथ अन्य विधाओं में भी कड़ी प्रतिस्पर्धा हुई। लघु नाटक प्रतियोगिता में बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण और सम्राट अशोक का त्याग जैसे गंभीर विषयों पर जीवंत मंचन किया। वहीं सेमिनार के माध्यम से प्लास्टिक प्रदूषण जैसी वैश्विक समस्या पर छात्र-छात्राओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान एकल गायन की मधुर प्रस्तुतियां भी दी गईं।
अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परियोजना समन्वयक आरआर उइके, प्राचार्य आशीष शर्मा और बीआरसीसी अशोक वर्मा ने किया। इस मौके पर डीपीसी श्री उइके ने छात्र-छात्राओं द्वारा बनाए गए मॉडल्स की सराहना की और बच्चों को जीवन में निरंतर प्रगति करने के लिए सफलता के मंत्र दिए।
विजेता अब जिला स्तर पर करेंगे प्रतिनिधित्व
प्रतियोगिता के समापन पर निर्णायक मंडल ने मॉडल्स और प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। सभी वर्गों में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। ये विजेता छात्र-छात्राएं अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन प्रदीप नागिया ने किया और आभार अमिता आहूजा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर प्राचार्य आरसी राठौर, हेमलता सेंगर, जीआर विश्वकर्मा, गायत्री श्रीवास्तव, रश्मि मालवीय, प्रतिभा यादव, दीपक बिसोरिया, हेमंत मालवीय, विनोद सैनी, विनोद गुप्ता, रघुनाथ मेवाड़ा सहित कई जनशिक्षक, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Exit mobile version