
रेहटी। नवरात्रि के अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी धर्मपत्नी साधना सिंह एवं सासू मां के साथ में मां बिजासन धाम सलकनपुर पहुंचे एवं मातारानी की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री सलकनपुर स्थित ग्राम पंचायत कार्यालय में आयोजित मुख्यमंत्री बहना योजना के कैंप में भी पहुंचे। यहां उन्होंने अपने हाथों से लाडली बहना का आवेदन फॉर्म भरा। इससे पहले हेलीकाप्टर से सलकनपुर पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत सत्कार किया।
ग्राम पंचायत द्वारा किया गया स्वागत-सत्कार –
ग्राम पंचायत सलकनपुर में लगे लाडली बहना योजना कैंप में पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ग्राम पंचायत सरपंच मंजू दायमा, व्यापारी संघ के अध्यक्ष अनिरुद्ध दुबे सहित पंचायत के सदस्यों ने भव्य स्वागत सत्कार किया। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए द्वार पर महिलाओं ने फूलों की वर्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी सभी का अभिवादन किया।
भारत माता के चित्र पर किया माल्यार्पण –
नवरात्रि में हर साल पहुंचते हैं सीएम शिवराज –
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नवरात्रि के दौरान हर वर्ष मां बिजासन धाम सलकनपुर पहुंचते हैं और मातारानी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना करते हैं। वे सपरिवार नवरात्रि की सप्तमी को सलकनपुर पहुंचते हैं। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, भाजपा सलकनपुर मंडल अध्यक्ष प्रेमनारायण मीणा, भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी, गोपाल मुकाती, सलकनपुर ग्राम पंचायत की सरपंच मंजू दायमा सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।