
सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 18 अक्टूबर को जिले के बिलकिसगंज में कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वे किसानों को आर्थिक राहत प्रदान करेंगे। कार्यक्रम का एक प्रमुख बिंदु भैरूंदा और बुधनी तहसीलों के उन किसानों को प्राथमिकता से सहायता देना है, जो अतिवृष्टि से बुरी तरह प्रभावित हुए थे।
मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के जरिए फसल क्षति से प्रभावित जिले के 2,05,977 किसानों के बैंक खातों में कुल 118 करोड़ 41 लाख की राहत राशि सीधे अंतरित करेंगे। यह राशि पीला मोजेक, कीट व्याधि और अतिवृष्टि से सोयाबीन फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए दी जा रही है। अतिवृष्टि से सबसे अधिक नुकसान झेलने वाली भैरूंदा और बुधनी की दो तहसीलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन दो क्षेत्रों के 18,837 सोयाबीन उत्पादक किसानों को 16 करोड़ 70 लाख 36 हजार 942 की राहत राशि आज ही उनके खातों में जमा की जाएगी।
इसके अतिरिक्त पीला मोजेक और कीट व्याधि के अंतर्गत जिले की शेष आठ तहसीलों आष्टा, जावर, रेहटी, इछावर, श्यामपुर, दोराहा, सीहोर ग्रामीण और सीहोर नगर में इन बीमारियों से प्रभावित 1,87,140 किसानों के लिए 101 करोड़ 70 लाख 90 हजार 999 की राशि अंतरित की जाएगी।
70 करोड़ के विकास कार्यों की भी सौगात
राहत वितरण के अलावा मुख्यमंत्री डॉ. यादव जिले के विकास को गति देते हुए लगभग 70 करोड़ (69.38) की लागत के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। इसमें 51 करोड़ 24 लाख 26 हजार लागत के 9 कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही 18 करोड़ 14 लाख 40 हजार की लागत के 14 नए कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, कलेक्टर बालागुरू के. और जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने अंतिम रूप दिया है। दोपहर बाद होने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी और आम नागरिकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया जाएगा।