कलेक्टर बालागुरु के. ने किया रेहटी का सघन दौरा, सरकारी काम में लापरवाही पर दी ये चेतावनी

सीहोर। कलेक्टर बालागुरु के. ने शनिवार को रेहटी क्षेत्र का दौरा कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं और धान उपार्जन कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय, राजस्व न्यायालय और धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण करते हुए स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति को बिना किसी परेशानी के लाभ मिल सके।
तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर मतदाता का सत्यापन पूरी गंभीरता से किया जाए। कोई भी पात्र मतदाता नाम जुड़वाने से वंचित न रहे। दावे आपत्तियों और तकनीकी खामियों का निराकरण समय सीमा के भीतर हो।
धान खरीदी में पारदर्शिता के निर्देश
इसके बाद कलेक्टर धान खरीदी केंद्रों पर पहुँचे। उन्होंने वहां धान की गुणवत्ता, तौल, बारदाने की उपलब्धता और किसानों के लिए की गई सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को केंद्र पर कोई असुविधा न हो। धान खरीदी की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे। खरीदी के बाद किसानों के खातों में भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए।
राजस्व ग्रामों में बदलाव की समीक्षा
कलेक्टर ने वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में बदलने संपरिवर्तन की प्रगति भी जांची। उन्होंने विभाग को आपसी समन्वय से काम करने और रिकॉर्ड सुधारने के निर्देश दिए ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द राजस्व सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Exit mobile version