
सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हर घर तिरंगा हर घर स्वच्छता अभियान के संबंध में विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित कर अभियान की गतिविधियों की समीक्षा की। सीहोर कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर बालागुरू के. तथा एसपी दीपक कुमार शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी वीसी में शामिल हुए। वीसी के पश्चात कलेक्टर बालागुरू के. ने हर तिरंगा अभियान के आयोजन के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों तथा अधिक से अधिक गणमान्य नागरिकों को इस अभियान से जोड़ा जाए। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में प्रत्येक अनुभाग स्तरीय पर्यटन एवं पुरातत्व संबंधी साइट्स पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत अनेक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत 12 अगस्त को जिला मुख्यालय पर मानव श्रृंखला तथा बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 13 अगस्त को तिरंगा यात्रा का आयोजन तथा 14 अगस्त को मैराथन का आयोजन किया जाएगा।