कुबेरेश्वर धाम पहुंचे कलेक्टर-एसपी, रुद्राक्ष महोत्सव की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बोले- श्रद्धालुओं को न हो कोई असुविधा, छोटी से छोटी समस्या का तुरंत करें समाधान

सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ कुबेरेश्वर धाम में आयोजित सात दिवसीय रुद्राक्ष महोत्सव और शिवमहापुराण कथा के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। सोमवार को कलेक्टर बालागुरू के. और एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने खुद कथा स्थल पहुंचकर मोर्चा संभाला और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
बता दें 14 से 20 फरवरी तक चलने वाले इस भव्य आयोजन में उमडऩे वाली भीड़ को देखते हुए कलेक्टर और एसपी लगातार निगरानी रख रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा और आवागमन की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
समन्वय से होगा समाधान
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यदि व्यवस्थाओं के संचालन में कोई भी तकनीकी या व्यावहारिक समस्या आती है तो संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और विठ्ठलेश सेवा समिति के सदस्यों के साथ आपसी तालमेल बिठाकर उसका त्वरित समाधान निकाला जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा और सुविधा के मानकों में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एसडीएम तन्मय वर्मा, विठ्ठलेश सेवा समिति के समीर शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित थे। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लाखों की संख्या में आ रहे श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुलभ वातावरण सुनिश्चित करना है।

Exit mobile version