
सीहोर। जिला मुख्यालय पर आयोजित समय सीमा बैठक में सोमवार को कलेक्टर बालागुरू के. सख्त अंदाज में नजर आए। शासकीय कार्यों के प्रति लापरवाही और बैठकों में अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने भैरूंदा नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
नगरीय निकायों की प्रगति की समीक्षा के दौरान जब भैरूंदा सीएमओ बैठक में अनुपस्थित पाए गए तो कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। गौरतलब है कि उक्त अधिकारी पिछली टीएल बैठक में भी बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय से बाहर पाए गए थे। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि जनहित के कार्यों और बैठकों में अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है, लापरवाही बरतने वालों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई तय है।
विकास कार्यों पर चर्चा
बैठक में रेहटी और भैरूंदा सहित पूरे जिले के विकास कार्यों पर चर्चा की गई। वनाधिकार पट्टों के लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने और वन ग्रामों को राजस्व ग्राम में बदलने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया। इससे ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा। गौशालाओं में चारे, पानी और टीकाकरण की व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण केवल कागजों पर न हो, बल्कि आवेदक की संतुष्टि अनिवार्य है।
बालिकाओं को लगेगा मुफ्त टीका
कलेक्टर ने जिले भर के लोगों से अपील की है कि वे 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं। उन्होंने बताया कि बाजार में 4000 रुपये की कीमत वाला यह टीका सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में नि:शुल्क लगाया जा रहा है, जो सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करता है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे, जबकि तहसील स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फेंसिंग से जुड़े।