बायां के पास दो ऑटो की भिड़ंत, सलकनपुर दर्शन करने जा रहे 12 श्रद्धालु घायल

सीहोर। सलकनपुर स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ माता मंदिर दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं के साथ शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बायां के पास श्रद्धालुओं से भरे दो ऑटो आपस में टकरा गए। इस भीषण सडक़ दुर्घटना में 10 से 12 श्रद्धालु घायल हो गए हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सूचना मिलने पर पहुंची दो 108 एंबुलेंस से सभी घायलों को उपचार के लिए रेहटी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार नर्मदापुरम से श्रद्धालुओं का एक दल ऑटो में सवार होकर सलकनपुर माताजी के दर्शनों के लिए निकला था। जैसे ही उनकी गाडिय़ां बायां के पास पहुंची अचानक दोनों ऑटो अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार श्रद्धालु सडक़ पर गिरकर घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पहुंची एंबुलेंस
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की दो गाडिय़ों की मदद से सभी एक दर्जन घायल श्रद्धालुओं को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी हुई है, जिनमें से कुछ श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आई हैं जबकि अन्य का उपचार जारी है।

Exit mobile version