कांग्रेस नेता का संघर्ष आया काम, एफडीआर तकनीक से बनी सडक़ की होगी जांच

सीहोर। मध्य प्रदेश में पहली बार आधुनिक एफडीआर तकनीक से बनी सीहोर-श्यामपुर सडक़ अपनी बदहाली को लेकर अब सरकारी जांच के दायरे में आ गई है। बड़े-बड़े दावों और करोड़ों की लागत से बनी यह सडक़ निर्माण के कुछ समय बाद ही पूरी तरह उखड़ गई, जिसके बाद अब लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री ने एमपीआरडीसी के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर कड़े निर्देश जारी किए हैं।
बता दें सीहोर-श्यामपुर मार्ग के निर्माण के समय प्रशासन ने दावा किया था कि फुल डेप्थ रिक्लेमेशन तकनीक से बनी यह सडक़ बेहद मजबूत और टिकाऊ होगी, लेकिन हकीकत इसके उलट निकली। सडक़ बनने के कुछ ही समय बाद इसमें बड़े-बड़े गड्ढे हो गए और गिट्टियां बाहर निकल आईं। गुणवत्ता में भारी कमी के चलते इस आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर ही सवाल खड़े होने लगे हैं।
हादसों को दे रही दावत
सडक़ की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। गड्ढों के कारण कई वाहन चालक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए इस मार्ग पर चलना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। हैरानी की बात यह है कि सडक़ की इतनी खराब स्थिति के बावजूद निर्माण एजेंसी के जिम्मेदार अधिकारियों ने लंबे समय तक इस ओर ध्यान नहीं दिया।
कांग्रेस नेता के संघर्ष के बाद जागी सरकार
सडक़ के इस कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने मोर्चा खोल रखा था। उन्होंने न केवल मौके पर जाकर कई बार विरोध प्रदर्शन किए, बल्कि जिला प्रशासन को साक्ष्यों के साथ ज्ञापन भी सौंपे। पंकज शर्मा के लगातार दबाव और शिकायतों के बाद ही विभाग हरकत में आया है। अब कार्यपालन यंत्री ने एमपीआरडीसी को पत्र लिखकर सडक़ का निरीक्षण करने, दोषियों पर कार्रवाई करने और कलेक्टर को रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
पंकज शर्मा की मांग, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई
कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि केवल पत्र लिखने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने मांग की है कि सडक़ निर्माण में हुए भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच हो। निर्माण एजेंसी और गुणवत्ता चेक करने वाले अधिकारियों पर आपराधिक मामला दर्ज हो। जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग करने वालों से इसकी वसूली की जाए। पंकज शर्मा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई और सडक़ की मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया, तो वे जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे।

Exit mobile version