
सीहोर। केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदलने और इसके मूल स्वरूप से छेड़छाड़ करने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में आज रविवार को सुबह 11 बजे जिला मुख्यालय स्थित गांधी पार्क तहसील चौराहा पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि मनरेगा जैसी सबसे महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना से महात्मा गांधी का नाम और उनके मूल्यों को मिटाना एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार न केवल महापुरुषों के नाम मिटा रही है, बल्कि राज्यों पर वित्तीय बोझ डालकर अपनी जिम्मेदारी से भी भाग रही है। यह बदलाव सीधे तौर पर गरीब जनता के ‘काम के कानूनी अधिकार’ को खत्म करने की कोशिश है।
श्रमिकों के अधिकारों के लिए ‘हल्ला बोल’
प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस श्रमिकों के अधिकारों को कमजोर करने वाली नीतियों के खिलाफ आवाज उठाएगी। राजीव गुजराती ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को खत्म करने की केंद्र सरकार की साजिश के विरुद्ध अब सडक़ पर उतरकर संघर्ष किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं से अपील
धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए जिले के समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से एकजुट होने की अपील की है। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से ये शामिल होंगे। जिले के जिले के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ नेतागण। ब्लॉक, मंडल, सेक्टर कांग्रेस और बीएलए पदाधिकारी। युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस और सेवादल की टीमें। समस्त विभाग एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष और कार्यकर्ता से इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई है।