
सीहोर। प्रदेश की भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों और गेहूं उपार्जन में हो रही देरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी आगामी 9 अप्रैल को कलेक्ट्रेट कार्यालय का विशाल घेराव करेगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें जिले भर के किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।
जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के कारण आज किसान भारी संकट में है। उन्होंने कहा कि गेहूं उपार्जन की तारीखें बार-बार बढ़ाई जा रही हैं, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है। 23 मार्च से शुरू होने वाली खरीदी को टालते-टालते अब 15 अप्रैल कर दिया गया है, जिससे किसानों का इंतजार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है।
कुप्रबंधन से किसान हुए डिफॉल्टर
राजीव गुजराती ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर खरीदी में देरी की जा रही है, वहीं दूसरी ओर ऋण वसूली की अंतिम तारीख 31 मार्च रखी गई। सरकार के इस कुप्रबंधन के कारण प्रदेश के लगभग 50 प्रतिशत किसान डिफॉल्टर हो गए हैं। मजबूरी में किसानों को अपनी उपज मंडियों में 2000 से 2200 रुपये के कम दामों पर बेचनी पड़ रही है।
पैदल मार्च निकाल कर बुलंद करेंगे आवाज
कांग्रेस के इस आंदोलन की रूपरेखा साझा करते हुए जिलाध्यक्ष ने बताया 09 अप्रैल को सुबह सुबह 11 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय से पैदल मार्च शुरू होगा, जो कलेक्ट्रेट पहुंचकर घेराव में तब्दील होगा।
जनता और कार्यकर्ताओं से अपील
राजीव गुजराती ने जिले के समस्त किसान भाइयों, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, ब्लॉक कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से बड़ी संख्या में उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसान तू रहेगा मौन तो तेरी सुनेगा कौन के नारे के साथ अब सडक़ों पर उतरकर अन्नदाता की आवाज बुलंद करने का समय आ गया है।