जयश्री गायत्री पनीर फेक्ट्री के खिलाफ कांग्रेस का 21 को बड़ा आंदोलन
सीहोर। जिला मुख्यालय के नजदीकी ग्राम पिपलियामीरा में स्थित जयश्री गायत्री पनीर फैक्ट्री की मनमानी एवं प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर अब कांग्रेस सड़क पर उतरकर पनीर फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। इस दौरान कांग्रेस प्रशासन को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग भी करेेगी। यहां बता दें कि जयश्री गायत्री पनीर फैक्ट्री की मनमानी लगातार जारी है। लगातार फैक्ट्री द्वारा कैमिकलयुक्त जहरीला पानी किसानों के खेतों में निकाला जा रहा है। लगातार किसान एवं आसपास के ग्रामीण फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। अब कांग्रेस ने इस मामलेे को लेकर सड़क पर उतरने का मन मनाया है। इस संबंध में जिला कांग्रेस महासचिव पंकज शर्मा ने बताया कि कांग्रेस पार्टी बीते कई दिनों से पिपलियामीरा स्थित पनीर फैक्ट्री में चल रही अव्यस्थाओं को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन एवं जिला प्रशासन से सुधार हेतु अनुरोध कर रही थी। लेकिन पनीर फैक्ट्री प्रबंधन एवं जिला प्रशासन ने कांग्रेस पार्टी के अनुरोध को अनसुना कर दिया। एक ओर तो पनीर फैक्ट्री द्वारा केमिकल युक्त जहरीला पानी खुले खेतों में छोड़ा जा रहा है, जो रिस कर भूजल तथा नदी-नालों में मिलकर हमारे पीने के पानी को भी दूषित कर रहा है, जिससे नाना प्रकार की बीमारियों से नागरिकों को जूझना पड़ रहा है। इससे खेतों की उर्वरक क्षमता के साथ ही आस-पास की वनस्पतियां भी नष्ट हो रही हैं। वहीं दूसरी ओर सिंथेटिक दूध से पनीर एवं अन्य दुग्ध उत्पादों का निर्माण कर पनीर फैक्ट्री प्रबंधन लोगों को कैंसर, किडनी तथा त्वचा रोग सहित अन्य घातक रोगों की ओर धकेल रहा है। इन्हीं सब बातों को लेकर कांग्रेसजनों ने जिला प्रशासन एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पनीर फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ उचित कार्यवाही करने हेतु निवेदन किया था, जिसमें स्थानीय ग्रामीणजनों के हस्ताक्षर युक्त एक पत्र भी संलग्न था। कांग्रेसजनों द्वारा पनीर फैक्ट्री प्रबंधन से भी अव्यवस्थाओं को ठीक करने हेतु 15 दिन का समय दिया गया था तथा ऐसा ना करने पर फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी गई थी, लेकिन फैक्ट्री प्रबंधन ने कांग्रेस पार्टी की चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया और अपनी मनमानी पर लगातार उतारू हैं। इन्हीं सब बातों को देखते हुए अब कांग्रेस पार्टी ने आगामी 21 मई को पनीर फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। श्री शर्मा ने बताया कि आगामी 21 मई 2023 को अपने चरणबद्ध आंदोलन के प्रथम चरण में आम जनता एवं कांग्रेसजनों के साथ मिलकर पनीर फैक्ट्री का घेराव कर बड़ा आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा। श्री शर्मा ने जनहित एवं सीहोर हित में सीहोर जिले के सभी नागरिकगणों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।



