सीहोर में देश की सबसे बड़ी पॉवर ट्रांसफॉर्मर यूनिट की शुरुआत, सीएम डॉ. यादव 4 सितंबर को करेंगे पहले ट्रांसफॉर्मर का रोल-आउट

सीहोर। मध्यप्रदेश में औद्योगिक क्रांति की दिशा में सीहोर एक नया इतिहास रचने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 4 सितंबर को सीहोर स्थित सीजी (क्रॉम्पटन एंड ग्रीव्स) पॉवर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की नई विनिर्माण इकाई के प्रथम पॉवर ट्रांसफॉर्मर के रोल-आउट का शुभारंभ करेंगे। लगभग 50 एकड़ क्षेत्र में फैली यह इकाई एक ही स्थान पर स्थापित भारत की सबसे बड़ी पॉवर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण सुविधा है। बता दें मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अगस्त 2025 में इस भव्य संयंत्र का भूमि-पूजन किया था और रिकॉर्ड 13-14 महीनों के भीतर यहां उत्पादन भी शुरू हो गया है।
यह आधुनिक संयंत्र देश की बढ़ती बिजली आपूर्ति और उच्च वोल्टेज ट्रांसमिशन की जरूरतों को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगा। यहां 220 केवी से लेकर 1200 केवी श्रेणी के अति-उच्च क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर निर्मित किए जाएंगे। संयंत्र की उत्पादन क्षमता हर महीने 35 पॉवर ट्रांसफॉर्मर तैयार करने की होगी। यहां बने ट्रांसफॉर्मर न केवल देश भर में भेजे जाएंगे, बल्कि वैश्विक बाजारों में भी निर्यात किए जाएंगे।
2000 से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार
औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार की नई राहें भी खुली हैं। सीजी पॉवर की इस इकाई से सीहोर और आसपास के क्षेत्रों में 2000 से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा स्थानीय सहायक उद्योगों और छोटे कारोबारों को भी इस वृहद संयंत्र से बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
इन प्रमुख क्षेत्रों में होगा ट्रांसफॉर्मर का उपयोग
नौ दशकों के अनुभव वाली सीजी पॉवर द्वारा सीहोर संयंत्र में तैयार किए गए ट्रांसफॉर्मर मुख्य रूप से पावर ट्रांसमिशन अधोसंरचना, डेटा सेंटर एवं आईटी पार्क, भारतीय रेलवे एवं ट्रैक्शन, अक्षय ऊर्जा (सौर व पवन ऊर्जा) परियोजनाएं, तेल एवं गैस क्षेत्र शामिल हैं।
औद्योगिक पहचान को मिलेगी नई बुलंदी
सीहोर में निर्मित अति उच्च क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर से जहां एक ओर राष्ट्रीय पावर ग्रिड को मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी ओर इनके वैश्विक निर्यात से सीहोर की पहचान अब विश्व के औद्योगिक नक्शे पर भी दर्ज होगी।

Exit mobile version