
सीहोर। दीपावली के पावन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी कड़ी में 30 अक्टूबर को नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा और एसडीएम तन्मय वर्मा ने संयुक्त रूप से कोतवाली और मंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पटाखा दुकानों और उनके गोदामों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशासनिक सख्ती से दुकानदारों में हडक़ंप मचा रहा।
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान दुकानों के लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर, अग्निशमन यंत्र, रेत की बाल्टी और पानी की व्यवस्था सहित तमाम सुरक्षा मानकों की बहुत बारीकी से जांच की। इस दौरान दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि वे पटाखों का भंडारण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से करें। दुकान के आसपास किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ को न रखें और विशेषकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखें ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
कार्बाइड गन के निर्माण, बिक्री पर पूरी तरह रोक
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शासन के आदेशों का हवाला देते हुए दुकानदारों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि मध्य प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुसार कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के निर्माण क्रय-विक्रय, भंडारण और उपयोग पर पूर्णत: प्रतिबंध है। अधिकारियों ने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति कार्बाइड गन बनाते, बेचते या उसका उपयोग करते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदारों से सहयोग का आग्रह
सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा ने सभी पटाखा विक्रेताओं और दुकानदारों से अपील की है कि वे नियमों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने आम नागरिकों से भी यह आग्रह किया है कि यदि उन्हें कहीं भी कार्बाइड गन बनती या बिकती हुई दिखाई दे तो वे इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें।