
सीहोर। कभी खेती-किसानी के लिए पहचाने जाने वाला बुदनी विधानसभा क्षेत्र अब खेलों की नर्सरी के रूप में उभर रहा है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान की सक्रियता ने क्षेत्र के युवाओं के सपनों को नई उड़ान दी है। कार्तिकेय न केवल राजनीति में सक्रिय हैं, बल्कि वे शुरुआती दौर से ही खेलों को विशेष महत्व दे रहे हैं, जिसका सुखद परिणाम अब धरातल पर दिखने लगा है।
हाल ही में रायसेन में आयोजित भव्य सांसद कप प्रतियोगिता में बुदनी की बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। महिला क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में बुदनी की टीम ने सांची को एकतरफा शिकस्त दी। सांची की टीम महज 43 रनों पर सिमट गई, जिसे बुदनी की ओपनर निशा पंवार और दीक्षा पंवार ने बिना विकेट गंवाए सिर्फ 4 ओवर में हासिल कर लिया।
कार्तिकेय का विजन, अब इंटरनेशनल लेवल की तैयारी
कार्तिकेय सिंह चौहान हर साल बुदनी में भव्य खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराते हैं। उनकी इस मेहनत का असर है कि अब क्षेत्र के गांवों से ऐसी प्रतिभाएं निकल रही हैं जो बड़े शहरों की टीमों को धूल चटा रही हैं। स्थानीय युवाओं में अब यह चर्चा आम हो गई है कि जिस तरह से खेलों को बढ़ावा मिल रहा है, बुदनी जल्द ही देश को कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी देगा।