
सीहोर। शहर के प्रमुख लुनिया चौराहे का नामकरण सम्राट पृथ्वीराज चौहान के नाम पर करने की मांग जोर पकडऩे लगी है। रविवार को लुनिया समाज के नागरिकों ने बस स्टैंड स्थित कार्यालय पहुंचकर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर को एक मांग पत्र सौंपा और चौराहे का आधिकारिक नाम पृथ्वीराज चौहान चौराहा करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपते समय समाजजनों ने बताया कि नगर पालिका के पुराने रिकॉर्ड वर्ष 1977-1978 के अनुसारए लुनिया चौराहे से गंज रोड तक के मार्ग का नाम नगर पालिका द्वारा पहले ही पृथ्वीराज चौहान सडक़ मार्ग दर्ज किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद भी यह स्थान आज तक आम जनचालन में लुनिया चौराहा ही कहलाता आ रहा है।
व्यक्तिगत नामकरण के प्रयासों का विरोध
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि पूर्व में कुछ लोगों द्वारा व्यक्तिगत हितों के चलते इस चौराहे का नाम अपने हिसाब से बदलने की कोशिशें की गईं, जिसे लुनिया समाज ने कभी स्वीकार नहीं किया। समाजजनों ने स्पष्ट रूप से कहा कि लुनिया समाज के नागरिक स्वयं को भारत के गौरवशाली इतिहास के प्रतीक सम्राट पृथ्वीराज चौहान का वंशज मानते हैं। इसलिए इस चौराहे का नाम आधिकारिक और सार्वजनिक रूप से पृथ्वीराज चौहान चौराहा ही होना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ये रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने वालों में निर्मल कौशल, मांगीलाल, सचिन, राम सिंह, लखन, राजवीर, नेकराम, कालू, कमल सिंह, पूनम कौशल, शेखर सिंह, रमन सिंह, सुमन कौशल, छगन, रजत, आशीष, राज, दिनेश, सतीश, ओम प्रकाश, श्रीकांत, प्रदीप, चंद्रशेखर सहित लुनिया समाज के कई नागरिक व युवा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।