शहर के हर वार्ड का विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना हमारी प्राथमिकता: नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर

सीहोर। शहर के प्रत्येक वार्ड का समान रूप से सर्वांगीण विकास करना और आम नागरिकों को बेहतर सडक़, पानी, प्रकाश एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी पहली प्राथमिकता है। विकास कार्यों में किसी भी वार्ड के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।
यह बात नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने मंडी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 22 और 23 में कुल 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सडक़ों के भूमि पूजन के दौरान कही। नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नपा अध्यक्ष ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। सडक़ों के निर्माण से लंबे समय से खस्ताहाल रास्तों से जूझ रहे स्थानीय रहवासियों को अब आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
वार्ड 22: इंदिरा कॉलोनी में 30 लाख से बनेगी सडक़
वार्ड क्रमांक 22 की इंदिरा कॉलोनी में 30 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। यह सडक़ मुकेश कौर के घर से रामनारायण के घर, तिवारी जी के घर, विशाल राठौर के घर होते हुए राकेश के घर से सेलू के घर तक बनाई जाएगी। इसके अलावा मुकेश के घर से धर्मेंद्र के घर तक भी सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा, जिससे पूरी गली के निवासियों को सीधा लाभ पहुंचेगा।
वार्ड 23: 20 लाख रुपये की लागत से सुगम होगा रास्ता
इसी तरह वार्ड क्रमांक 23 में 20 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण होगा। यह सडक़ संजय किरण योगी की दुकान से अशोक भाई के घर तक बनाई जाएगी। इस मार्ग के बनने से स्थानीय नागरिकों के आवागमन की दिक्कतें हमेशा के लिए दूर होंगी।
समय-सीमा और गुणवत्ता पर दिया जोर
नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि अच्छी सडक़ें न केवल आवागमन को सुगम बनाती हैं, बल्कि क्षेत्र की सुंदरता और नागरिकों की सुविधा में भी वृद्धि करती हैं। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिए कि स्वीकृत निर्माण कार्य पूरी तरह से गुणवत्तापूर्ण तरीके से तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि जनता को इसका लाभ जल्द से जल्द मिल सके।

Exit mobile version