
सीहोर। देवीधाम सलकनपुर में 29 मई से 31 मई तक तीन दिवसीय देवीलोक महोत्सव मनाया जाएगा। देवीलोक महोत्सव में अधिक से अधिक लोग शामिल हो सके, इसके लिए देवी विजयासन की चरण पादुका स्थापित किए गए रथ बुधनी विधानसभा सहित सीहोर जिले की सभी विधानसभाओं में भ्रमण कर रहे हैं। प्रचार रथ के माध्यम से 18 मई को बुधनी जनपद के ग्राम जोनतला, नोंनभेट, कुसुमखेड़ा, तालपुरा, पीलीकरार, देवगांव एवं भैरूंदा जनपद के चकल्दी, लावापानी, अमीरगंज, पाटतलाई तथा कोठरा में नागरिकों को देवीलोक महोत्सव की जानकारी दी गई। देवी लोक महोत्सव के प्रचार रथ के गांव में पहुंचने पर नागरिको द्वारा रथ में स्थापित देवी विजयासन की चरण पादुका की पूजा अर्चना की गई। प्रचार रथ के माध्यम से लोगों को देवीलोक महोत्सव की जानकारी दी जा रही है। इस दौरान देवी लोक के निर्माण के लिए प्रत्येक घर से एक शिला (ईंट) भेंट कर रहे हैं। देवी लोक महोत्सव के पूर्व अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में ढोल-नगाढ़ों के साथ देवी विजयासन की कलश एवं चुनरी यात्रा निकाली जा रही हैं। इस दौरान महिलाओं के साथ ही नन्हीं-नन्हीं बालिकाएं भी सर पर कलश रखकर एवं देवी की विशाल चुनरी हाथों में लेकर यात्रा में शामिल हो रही हैं।
अधिकारी व्यवस्थाओं में जुटे, एसपी ने किया सलकनपुर का भ्रमण-
कलेक्टर ने दिए तैयारियोें के निर्देेश-
कलेक्टर प्रवीण सिंह ने देवी लोक महोत्सव के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पहले सुनिश्चित करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देवी लोक महोत्सव में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने तथा देवी लोक की आधारशिला में प्रत्येक घर से एक शिला संकलन के पुनीत कार्य में सहभागी बनाने के लिए दीवार लेखन, फलैक्स, बैनर लगाने के साथ ही प्रचार के सभी माध्यमों से प्रभावी रूप से प्रचार प्रसार किया जाए।