
सीहोर। देवीधाम सलकनपुर में 29 से 31 मई तक तीन दिवसीय देवी लोक महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान सलकनपुर में अनेक सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम तथा विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। देवी लोक महोत्सव 31 मई को आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। इसी दिन देवी लोक महोत्सव की आधारशिला भी रखी जाएगी। समारोह में एक लाख से अधिक नागरिक शामिल होंगे।
बनाए गए तीन मंच, लगाया गया पांडाल –
29 मई को आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं की समय सारणी
देवी लोक महोत्सव में 29 मई को आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए कुल 1425 टीमों ने पंजीयन कराया है। इन प्रतियोगिता में कुल 9280 प्रतिभागी भाग लेंगे। देवी धाम सलकनपुर में दोपहर 2 बजे देवी लोक महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। दोपहर 3 से 5 बजे तक रंगोली प्रतियोगिता, 5 से 6 बजे तक कलश एवं पूजा की थाली सजाओ प्रतियोगिता तथा मिट्टी के दिए सजाओ प्रतियोगिता, 6 से 7 बजे तक 6 से 12 वर्ष तथा 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए माता का श्रृंगार प्रतियोगिता, 7 से 8 बजे तक महिला भजन मंडल द्वारा भजन प्रतियोगिता, 8 से 9 बजे तक 51 हजार दीप का प्रज्वलन तथा 9 बजे पुरस्कार वितरण किया जाएगा।
देवी लोक महोत्सव में ये होंगी प्रतियोगिताएं –
देवीलोक महोत्सव में महिला भजन मंडल द्वारा भजन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रथम एक लाख 51 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार एक लाख रुपए, तृतीय 51 हजार एवं 50 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। महोत्सव में 6 से 12 वर्ष की बालिकाओं एवं 12 से 18 वर्ष की बालिकाओं के लिए माता का श्रृंगार प्रतियोगिता अलग-अलग आयोजित होगी। जिसमें प्रथम 25 हजार, द्वितीय 21 हजार, तृतीय 11 हजार एवं सभी प्रतिभागियों को उपहार प्रदान किए जाएंगे। इसके पश्चात 51,000 दीपक का प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
30 मई को बुधनी विधानसभा की लंगड़़ी भजन प्रतियोगिता –
देवी लोक महोत्सव के दूसरे दिन 30 मई को पुरूष वर्ग की लंगड़़ी भजन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में बुधनी विधानसभा की अनेक मण्डलियां भजनों की प्रस्तुति देंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली मंडलियों में से प्रथम आने वाली मंडली को एक लाख 51 हजार रुपए, द्वितीय मंडल को एक लाख रुपए तथा तृतीय आने वाले मंडल को 51 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्य कार्यक्रम दिवस पर आयोजित होने वाली गतिविधियां-
देवी लोक महोत्सव में 31 मई को माताजी की चुनरी, शिला, कलश यात्रा निकाली जाएगी। वैदिक रीति से स्वस्ति गान, मंत्रोच्चार होगा। भूमि पूजन एवं शिला पूजन कार्यक्रम तथा धर्मगुरुओं और कथावाचकों का सम्मान किया जाएगा। देवीलोक मंदिर के स्वरूप पर आधारित वीडियो का प्रदर्शन होगा। कार्यक्रम में आतिशबाजी के पश्चात प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।