
सीहोर। भोपाल रेंज देहात के पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने शनिवार को जिले के वार्षिक निरीक्षण के दौरान प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को अपनी प्राथमिकता में रखा। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में विशेष रूप से ख्याति प्राप्त कुबेरेश्वरधाम और प्रसिद्ध देवीधाम सलकनपुर सहित आवंलीघाट व चिंतामन गणेश मंदिर की सुरक्षा, सुगम यातायात और आगामी वीआईपी भ्रमण को लेकर थाना प्रभारियों के साथ गहन मंथन किया। डीआईजी चंदेल ने इन धार्मिक स्थलों पर उमडऩे वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस कप्तान सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
थाना प्रभारियों के वाहनों और वज्र की हुई चेकिंग –
परेड के बाद डीआईजी ने पुलिस विभाग के शासकीय वाहनों का कड़ा निरीक्षण किया। उन्होंने सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के वाहनों सहित इंटरसेप्टर व्हीकल, लाइट मोटरयान, भारी वाहन, वज्र वाहन, जेल वाहन और एफएसएल वाहनों की कार्यशीलता व रख-रखाव को देखा। वाहनों में जीवन रक्षक उपकरणों और अन्य तकनीकी टूल्स की उपलब्धता की भी गहन समीक्षा की गई।
तनावमुक्त रहकर टीम भावना से काम करने की सीख –
वाहन निरीक्षण के बाद पुलिस लाइन में पुलिस सम्मेलन का आयोजन हुआ। इस सम्मेलन में जिलेभर से आए अधीनस्थ कर्मचारियों ने डीआईजी के सामने अपनी आवास संबंधी और कुछ नीतिगत समस्याएं रखीं, जिस पर उन्होंने तत्काल उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया। अपने संबोधन में डीआईजी श्री चंदेल ने कहा सभी अधिकारी-कर्मचारी आपस में टीम भावना के साथ काम करें। कार्य में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। बदलते दौर में खुद को टेक्नोलॉजी के साथ अपडेट रखें और बिना किसी मानसिक तनाव के ड्यूटी करें। काम के साथ-साथ अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखें। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन के शस्त्रागार, वाहन शाखा, स्टोर, कैश शाखा, दिशा लर्निंग सेंटर, जिम, एनजीओ मेस और नव आरक्षक बैरक का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं।
कुबेरेश्वरधाम और सलकनपुर की कानून-व्यवस्था पर मंथन –
बेहतर कार्यप्रणाली पर थपथपाई पीठ
समीक्षा बैठक के अंत में उप पुलिस महानिरीक्षक ने जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ रखने और गंभीर अपराधों का त्वरित खुलासा करने पर पूरी सीहोर पुलिस टीम की पीठ थपथपाई और जिले के अच्छे कार्यों की सराहना की।