राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर जिले की दुग्ध समितियों में कार्यक्रम, मालीवाया और पखनी में हुईं प्रतियोगिताएं, विजेता हुए सम्मानित

सीहोर। श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की 105वीं जयंती और राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर जिले की विभिन्न दुग्ध समितियों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान दुग्ध महासंघ भोपाल की टीम ने दुग्ध समिति भंडेली पहुंचकर सुबह के दूध संकलन का अवलोकन किया और दुग्ध उत्पादक किसानों से संवाद किया। टीम ने भंडेली के साथ टिटोरा और बडऩगर की दुग्ध समितियों में भी जयंती मनाई तथा पशुपालकों से स्वच्छ दूध उत्पादन, संकलन बढ़ाने, पशुओं के नियमित टीकाकरण और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने पर चर्चा की।
दुग्ध शीत केंद्र मालीवाया से जुड़ी दुग्ध समिति मालीवाया में डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती के उपलक्ष्य में संगीत, कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़ और भजन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। साथ ही स्वच्छ दुग्ध उत्पादन, संकलन में वृद्धि, संघ की कल्याणकारी योजनाओं और डॉण् कुरियन के योगदान की जानकारी दी गई।
इसी तरह दुग्ध समिति पखनी में भी संगीत, कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़ और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताएं हुईं, जिनके विजेताओं को प्रतीक चिह्न प्रदान किए गए। यहां जिला नोडल अधिकारी ने दुग्ध प्रदायकों को स्वच्छता के साथ दूध उत्पादन करने, समितियों के माध्यम से अधिक दूध संकलन करने और संघ की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने डॉ. कुरियन के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का संदेश
कार्यक्रमों में पशुपालकों को पशुओं के टीकाकरण और साफ सफाई के साथ बेहतर उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया गया। पखनी समिति के आयोजन में समिति अध्यक्ष ममता बाई, पर्यवेक्षक लोकेन्द्र सिंह ठाकुर, सुनील वर्मा, अभिजीत मेवाड़ा सहित समिति सदस्य व दुग्ध प्रदायक मौजूद रहे। जिलेभर में हुए इन आयोजनों के जरिए उत्पादकों को डॉ. कुरियन के योगदान से अवगत कराते हुए दुग्ध उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।

Exit mobile version