नादान घाट पर रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्करए प्रधानाध्यापक की मौत

हादसे में स्व.सहायता समूह की अध्यक्ष गंभीर रूप से घायल, प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर

सीहोर। इछावर थाना अंतर्गत नादान घाट पर रेत से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सडक़ हादसे में शासकीय माध्यमिक शाला के प्रधानाध्यापक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार स्व.सहायता समूह की अध्यक्ष गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को गंभीर हालत में उपचार के लिए भोपाल रफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार नंदगांव निवासी रामबिलास पुत्र हीरालाल शासकीय माध्यमिक शाला में प्रधानाध्यापक के पद पर पदस्थ थे। वे प्रज्ञा स्व.सहायता समूह की अध्यक्ष नीतू पत्नी रामस्वरूप के साथ स्कूलों में संचालित मध्यान्ह भोजन मिड-डे मील की राशि से जुड़े शासकीय कार्य के सिलसिले में सीहोर आए हुए थे।
गांव लौटते समय घाट पर हुआ हादसा
सीहोर में अपना काम पूरा करने के बाद दोनों बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव नंदगांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में नादान घाट पर रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सहित सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में परीक्षण के दौरान गंभीर चोटों के कारण प्रधानाध्यापक रामबिलास की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल नीतू को डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद नाजुक हालत देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले को विवेचना में लेते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version