फिर भैरूंदा आ रहे हैं सीएम, पर उपचुनाव का वह 8 करोड़ का वादा अब भी अधूरा

सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार 27 नवंबर को एक बार फिर बुदनी विधानसभा क्षेत्र के भैरूंदा आ रहे हैं। इस दौरे में वे करोड़ों की सिंचाई और विकास योजनाओं की सौगात देंगे, लेकिन इस बीच सियासी और स्थानीय गलियारों में उस पुराने वादे की चर्चा फिर तेज हो गई है, जो मुख्यमंत्री ने उपचुनाव के दौरान किया था। डेढ़ साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी विधानसभा क्षेत्र की चारों नगरीय निकाय रेहटी, बुदनी, भैरूंदा और शाहगंज को 2-2 करोड़ रुपये की घोषित राशि अब तक नहीं मिल सकी है।
उपचुनाव जीती भाजपा, पर पत्राचार के बाद भी नतीजा सिफर
गौरतलब है कि बुदनी विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान क्षेत्र के दौरे पर आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनता से बड़ा वादा किया था। उन्होंने मंच से ऐलान किया था कि चारों नगरों में जनता की बेहतरी और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए रेहटी, बुदनी, भैरूंदा और शाहगंज नगरीय निकायों को 2-2 करोड़ रुपये (कुल 8 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे। जनता ने इस भरोसे पर मुहर लगाई और भाजपा ने यह उपचुनाव जीत लिया। लेकिन विडंबना यह है कि चुनाव जीतने के डेढ़ साल बाद भी यह राशि निकायों के खाते में नहीं पहुंची है। बताया जा रहा है कि निकायों की ओर से इस संबंध में लगातार शासन-प्रशासन से पत्राचार भी किया गया, लेकिन अब तक नतीजा सिफर ही रहा है। अब जब सीएम दोबारा भैरूंदा की धरती पर कदम रख रहे हैं तो चारों नगरों के जनप्रतिनिधियों और आम जनता की निगाहें इस पर टिकी हैं कि क्या इस बार उनका पुराना वादा पूरा होगा।
आज 536.23 करोड़ की सीप-अंबर परियोजना का करेंगे लोकार्पण
हालांकि इस दौरे में मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। दोनों नेता भैरूंदा में आयोजित कार्यक्रम में 536.23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सीप-अंबर सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इससे भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों की 30 हजार 91 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा दोनों नेता भैरूंदा विकासखंड में 41.44 करोड़ रुपये की लागत के अन्य विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन भी करेंगे।
दो चरणों में बिछाई गई भूमिगत पाइपलाइन, 5 साल रखरखाव भी
इस परियोजना का निर्माण 36 माह की तय समय-सीमा में पूरा किया गया है। फेज-1 के तहत 346.12 करोड़ रुपये की लागत से 16.57 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है, जिससे 47 गांवों की 15 हजार 284 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। वहीं फेज-2 में 190.11 करोड़ रुपये की लागत से 24.09 किलोमीटर पाइपलाइन के जरिए 29 गांवों की 14 हजार 807 हेक्टेयर भूमि को पानी मिलेगा। निर्माण एजेंसियां आगामी पांच वर्षों तक इसका संचालन और रखरखाव भी करेंगी।

आधुनिक तकनीक से बचेगा पानी, कलेक्टर ने लिया जायजा
सीप-अंबर परियोजना में खुली नहरों की जगह आधुनिक भूमिगत दबावयुक्त पाइपलाइन तकनीक अपनाई गई है। नर्मदा नदी से पानी लिफ्ट कर सीधे खेतों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे रिसाव और वाष्पीकरण की बर्बादी रुकेगी और किसान स्प्रिंकलर व ड्रिप सिस्टम से सिंचाई कर सकेंगे। उधर शुक्रवार को होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को कलेक्टर बालागुरू के. ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर मंच, बैठक, सुरक्षा, यातायात और पेयजल व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Exit mobile version